सरायपाली:उड़ीसा ले जाई जा रही 24 भैंसें पकड़ीं, छह संदिग्धों को रोककर पुलिस को सौंपा

सरायपाली। भैंसों की अवैध तस्करी की सूचना पर कार्रवाई करते हुए कुछ लोगों ने 24 नग भैंसों को उड़ीसा ले जाते हुए पकड़ा और पुलिस को सूचना दी। मामले में छह लोगों के खिलाफ कार्रवाई के लिए थाना सरायपाली में आवेदन प्रस्तुत किया गया है।
आवेदन के अनुसार, 2 सितंबर की रात करीब 10 बजे सरायपाली से तोरेसिंहा मार्ग पर भैंसों की अवैध तस्करी कर उड़ीसा ले जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर आवेदक और उसके साथियों ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर 24 भैंसों को ले जा रहे छह लोगों को रोका। पूछताछ में बताया गया कि बस्ती सरायपाली निवासी मनोज पटेल के माध्यम से भैंसों को उड़ीसा सीमा पर भेजे जाने की बात सामने आई।
आवेदक के अनुसार, 3 सितंबर की सुबह करीब 3.50 बजे 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद दो आरोपियों भूपेश बरिहा और ज्ञानेन्द्र लोहार को साथ लेकर उनके मोबाइल से उड़ीसा के कथित तस्कर को बुलाया गया। उड़ीसा सीमा पर एक व्यक्ति सफेद महिन्द्रा वाहन से पहुंचा। इसी दौरान कथित तस्कर के साथ आया एक व्यक्ति वाहन की चाबी छोड़कर जंगल की ओर भाग गया।
आवेदन में बताया गया है कि एक व्यक्ति को पकड़कर वाहन की चाबी के साथ कार में बैठाकर वापस लाया जा रहा था। तोरेसिंहा मार्ग (पदमपुर मार्ग) स्थित पुल के पास पूछताछ के दौरान वह व्यक्ति अचानक नाले में कूदकर फरार हो गया। इसके बाद बचे चार आरोपियों को पुलिस के सुपुर्द कर 24 भैंसें भी सौंप दी गईं। आवेदक ने भैंस तस्करी में शामिल लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है।




























