महासमुंद:मंदिर के घंटे से लेकर दानपेटी तक चोरी, अज्ञात चोरों ने किया हाथ साफ

महासमुंद। वार्ड नंबर 02 इमलीभाठा स्थित हनुमान मंदिर में अज्ञात चोरों ने रात के समय चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना 21 अगस्त की रात 10 बजे से 22 अगस्त की सुबह 7:30 बजे के बीच की बताई गई है।
मंदिर से चोर तीन बड़े पीतल के घंटा, एक तांबे की कलश, दो तांबे के लोटे, एक फूल कांच की थाली और छह नग चांदी के नेत्र चोरी कर ले गए। इसके अलावा करीब 15 हजार रुपए कीमत का एक एम्पलीफायर तथा दान पेटी में रखे लगभग 4 हजार रुपए भी चोरी हुए हैं। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 29 हजार रुपए बताई गई है।
घटना की जानकारी 22 अगस्त को मंदिर समिति को हुई। आसपास खोजबीन करने के बाद भी चोरी हुए सामान और आरोपियों का पता नहीं चल सका। मामले में आवेदक दीपक साहू की शिकायत पर महासमुंद पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा मंदिर एवं आसपास के क्षेत्र में संभावित सुरागों की तलाश की जा रही है।


























