बागबाहरा :घर में घुसकर महिला से लूट, चाकू दिखाकर सोने का लॉकेट व चांदी का कंगन ले गए बदमाश

बागबाहरा। वार्ड क्रमांक 09 कर्रापारा में दिनदहाड़े घर में घुसकर एक महिला को बंधक बनाकर लूट करने का मामला सामने आया है। महिला के अनुसार दो अज्ञात आरोपियों ने दुपट्टे से उसका मुंह और हाथ बांध दिया तथा चाकू गले पर अड़ाकर सोने का लॉकेट व अन्य सामान लूटकर फरार हो गए।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह लखविंदर सिंह के मकान में अपनी बेटी धानेश्वरी साहू के साथ किराये पर रहती है। 18 अगस्त को उसकी बेटी ड्यूटी पर गई थी और वह घर में अकेली थी। इसी दौरान रसोई की खिड़की से उसने एक व्यक्ति को छत की सीढ़ी से नीचे उतरते देखा। डर के कारण जैसे ही उसने दरवाजा खोला, दो अज्ञात व्यक्ति घर के अंदर घुस गए।
एक आरोपी ने महिला के दुपट्टे से उसका मुंह और हाथ बांध दिया, जबकि दूसरा कमरे में जाकर सामान तलाशने लगा। कुछ देर बाद आरोपी बाहर आया और महिला के गले पर चाकू अड़ाकर सोने का लॉकेट, जिसमें सात सोने के दाने लगे थे, लूट लिया। इसके बाद दोनों आरोपी घर के पीछे की ओर से भाग निकले और जाते समय दरवाजा बाहर से बंद कर दिया।
महिला ने अलमारी की जांच की तो एक चांदी का कंगन और कार की चाबी भी गायब मिली। उसके अनुसार आरोपियों ने करीब 5 ग्राम वजन का सोने का लॉकेट व सात सोने के दाने, करीब 10 ग्राम वजन का चांदी का कंगन तथा कार की चाबी लूट ली है। पीड़िता की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।




























