सरायपाली

नवोदय विद्यालय और कन्या छात्रावास के समीप खुलेआम शराब बिक्री पर फूटा आक्रोश, समाजसेवी सुखविंदर कौर रैना ने प्रशासन पर उठाए सवाल

काकाखबरीलाल@सरायपाली: सरायपाली क्षेत्र के ग्राम छिंदपाली स्थित प्रतिष्ठित केंद्रीय शिक्षण संस्थान जवाहर नवोदय विद्यालय के समीप ढाबों में खुलेआम शराब बिक्री का गंभीर मामला सामने आया है। इस संस्थान में कक्षा छठवीं से बारहवीं तक के छात्र-छात्राएं आवासीय परिसर में रहकर पढ़ाई करते हैं। विद्यालय से महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित ढाबों में बेरोकटोक अवैध शराब बेची जा रही है, जिस पर पूर्व में नगर पालिका अध्यक्ष पद की प्रत्याशी रहीं समाजसेवी श्रीमती सुखविंदर कौर रैना ने कड़ा विरोध जताया है।

अभिभावकों में असुरक्षा और निराशा का माहौल

श्रीमती रैना ने कहा कि जवाहर नवोदय विद्यालय क्षेत्र के लिए एक बड़ी सौगात है, जहां हजारों अभिभावक अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए उन्हें सुरक्षित वातावरण समझकर भेजते हैं। किंतु जब अभिभावक अपने बच्चों से मिलने पहुंचते हैं, तो विद्यालय के पास का माहौल देखकर खुद को बेहद असहज पाते हैं। शिक्षण संस्थान के नजदीक खुलेआम शराबखोरी और गाली-गलौज का माहौल पालकों को अपने फैसले पर पुनर्विचार करने को मजबूर कर रहा है। उन्होंने कहा, “एक पालक होने के नाते मैंने भी अपने बच्चे के दाखिले के लिए आवेदन किया है और मैं अन्य अभिभावकों की पीड़ा भली-भांति समझती हूं। शिकायतों के बावजूद प्रशासन की चुप्पी समझ से परे है।”

कन्या छात्रावास और धार्मिक स्थलों के पास भी अवैध कारोबार

श्रीमती रैना ने क्षेत्र के अन्य हिस्सों में चल रहे अवैध कारोबार को लेकर भी प्रशासन को घेरा:

  • ग्राम चट्टी गिरोला: एक ढाबा संचालक द्वारा कन्या छात्रावास परिसर का दुरुपयोग कर वहां शराब छिपाने और फिर ढाबे से बेचने की गंभीर शिकायतें सामने आ रही हैं। प्रशासन किसी बड़ी अनहोनी के बाद ही जागने की मुद्रा में नजर आ रहा है।
  • झिलमिला चौक: ढाबों की आड़ में शराब की अवैध दुकानें संचालित की जा रही हैं। सावन माह में भी शिव मंदिर से महज 200 मीटर की दूरी पर खुलेआम शराब बेची जा रही है।

आबकारी और पुलिस प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग

श्रीमती सुखविंदर कौर रैना ने आबकारी विभाग और पुलिस प्रशासन से तत्काल संज्ञान लेते हुए शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों के पास अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को सख्त कदम उठाकर यह साबित करना चाहिए कि वह जनहित और क्षेत्र की सुरक्षा को लेकर गंभीर है।

AD#1

काका खबरीलाल

हर खबर पर काकाखबरीलाल की पैनी नजर.. जिले के न. 01 न्यूज़ पॉर्टल में विज्ञापन के लिए आज ही संपर्क करें.. kakakhabarilaal@gmail.com

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!