आर्थिक तंगी नहीं बनेगी पढ़ाई में बाधा: समाजसेवी मदन लाल अग्रवाल ने जरूरतमंद छात्रा की फीस भरी, निःशुल्क ड्रेस भी दी

काकाखबरीलाल@ सरायपाली। स्थानीय स्वर्गीय राजा वीरेंद्र बहादुर सिंह शासकीय महाविद्यालय में स्नातक एवं स्नातकोत्तर प्रथम सेमेस्टर की प्रवेश प्रक्रिया के दौरान मानवीय संवेदनशीलता और समाजसेवा की एक अनुकरणीय मिसाल देखने को मिली।
महाविद्यालय में प्रवेश के लिए चयनित एक निर्धन वर्ग की छात्रा घर की कमजोर आर्थिक स्थिति के चलते प्रवेश शुल्क जमा करने में असमर्थ हो रही थी। फीस के अभाव में छात्रा का प्रवेश रुकने की जानकारी जैसे ही महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. संध्या भोई को मिली, उन्होंने बिना देर किए नगर के प्रतिष्ठित समाजसेवी श्री मदन लाल अग्रवाल से फोन पर संपर्क कर स्थिति से अवगत कराया।
मामले की जानकारी मिलते ही समाजसेवी श्री मदन लाल अग्रवाल ने तुरंत छात्रा की पूरी प्रवेश फीस ₹7,900 जमा करवाई और साथ ही दो जोड़ी कॉलेज ड्रेस भी निःशुल्क उपलब्ध कराई, जिससे छात्रा का नियमित प्रवेश सुनिश्चित हो सका।
महाविद्यालय परिवार एवं प्राचार्य डॉ. संध्या भोई ने समाजसेवी श्री अग्रवाल के इस पुनीत कार्य के लिए उनका आभार व्यक्त किया। श्री अग्रवाल ने भी भरोसा दिलाया कि होनहार व जरूरतमंद विद्यार्थियों की मदद तथा महाविद्यालय के विकास कार्यों में वे आगे भी अपना सहयोग जारी रखेंगे।





























