महासुमंद

महासमुंद :वैद्य फूड में प्रशासन की देर रात दबिश, 200 किलो संदिग्ध पनीर जब्त

महासमुंद। कलेक्टर  विनय लंगेह के निर्देश पर एनालॉग पनीर के निर्माण एवं विक्रय पर प्रतिबंध के उल्लंघन की आशंका को लेकर राजस्व, खाद्य एवं औषधि प्रशासन तथा पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने महासमुंद के भलेसर रोड स्थित वैद्य फूड में देर रात दबिश दी। एसडीएम अक्षा गुप्ता के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई के दौरान करीब तीन घंटे तक संस्थान की जांच की गई।

रात्रि करीब 12 बजे तहसीलदार जुगल किशोर, नायब तहसीलदार हरीश ध्रुव और खाद्य एवं औषधि प्रशासन के खाद्य सुरक्षा अधिकारी शंखनाद भोई सहित संयुक्त टीम वैद्य फूड पहुंची। जांच के दौरान मध्य रात्रि में पनीर का निर्माण किए जाने की स्थिति सामने आई। मौके पर उपलब्ध पनीर की गुणवत्ता और निर्माण में प्रयुक्त सामग्री को लेकर संदेह उत्पन्न होने पर करीब 200 किलोग्राम पनीर जब्त किया गया।

इसके बाद सुबह विभाग द्वारा सील किए गए कोल्ड स्टोरेज को नियमानुसार खोलकर वहां रखी खाद्य सामग्री की जांच की गई। पनीर की गुणवत्ता की पुष्टि एवं परीक्षण के लिए उसका नमूना लिया गया, जिसे राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, रायपुर भेजा गया है।

जांच रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई

अभिहित अधिकारी उमेश कुमार ने बताया कि जब्त पनीर का नमूना राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला रायपुर भेजा गया है। प्रयोगशाला से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा अधिनियम एवं संबंधित प्रावधानों के तहत आगामी कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों ने बताया कि कार्रवाई का उद्देश्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना तथा प्रतिबंधित अथवा मिलावटी खाद्य पदार्थों के निर्माण और विक्रय पर प्रभावी नियंत्रण रखना है। जिला प्रशासन एवं खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर जांच एवं कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

AD#1

काका खबरीलाल

हर खबर पर काकाखबरीलाल की पैनी नजर.. जिले के न. 01 न्यूज़ पॉर्टल में विज्ञापन के लिए आज ही संपर्क करें.. kakakhabarilaal@gmail.com

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!