महासमुंद:मायके गई महिला के सूने घर में चोरी, ताला तोड़कर टीवी-गैस सिलेंडर समेत सामान पार

महासमुंद। वार्ड नंबर 06 नयापारा स्थित एक सूने मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने गैस सिलेंडर, टीवी, रिसीवर, इलेक्ट्रॉनिक आयरन, मिक्सी सहित करीब 10 हजार रुपये कीमत का सामान चोरी कर लिया। घटना की जानकारी मकान मालकिन को मायके से लौटने पर हुई। पीड़िता ने मामले की शिकायत थाना महासमुंद में दर्ज कराई है।
पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार, पीड़िता अपने पति रवि तिवारी के साथ नयापारा में रहती है और रोजी-मजदूरी का काम करती है। 7 अगस्त को उसका पति काम के सिलसिले में बाहर गया था। इसी दौरान स्वास्थ्य खराब होने के कारण पीड़िता घर में ताला लगाकर अपने मायके चली गई थी।
8 अगस्त की सुबह करीब 7 बजे जब वह वापस अपने घर पहुंची तो सामने के दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखने पर घर का सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर एक इंडेन गैस टंकी, राउन कंपनी का टीवी, इगो कंपनी का रिसीवर व रिमोट, इलेक्ट्रॉनिक आयरन, मिक्सी व जार तथा करीब 15 किलो चावल गायब मिले। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 10 हजार रुपये बताई गई है।
पीड़िता ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन चोरी के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद उसने थाना पहुंचकर अज्ञात चोर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।





























