सरायपाली

बारिश में साँप-बिच्छू से रहें सावधान, काटने पर तुरंत अस्पताल पहुँचें : डॉ. भागेश्वर पटेल

सरायपाली। बारिश के मौसम में साँप, बिच्छू एवं अन्य जहरीले कीड़ों के निकलने की घटनाएँ बढ़ जाती हैं। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और किसी भी प्रकार के काटने या डंक मारने की स्थिति में तुरंत चिकित्सकीय सहायता लेने की सलाह दी गई है।
निश्चेतना, क्रिटिकल केयर एवं दर्द प्रबंधन विशेषज्ञ डॉ. भागेश्वर पटेल (एमबीबीएस, डीए एनेस्थीसिया) ने बताया कि बारिश के दिनों में घर और आसपास साफ-सफाई बनाए रखें, रात में टॉर्च का उपयोग करें तथा खेत, बगीचे या झाड़ियों में जाते समय पूरे कपड़े और जूते पहनें। सोने से पहले बिस्तर, जूते और कपड़ों की अच्छी तरह जांच करना भी जरूरी है। घर के आसपास पानी जमा न होने दें तथा साँप या बिच्छू दिखाई देने पर उससे सुरक्षित दूरी बनाकर प्रशिक्षित व्यक्ति की सहायता लें।
उन्होंने बताया कि यदि किसी व्यक्ति को साँप या बिच्छू काट ले तो मरीज को शांत रखें, प्रभावित अंग को कम से कम हिलाएँ और बिना समय गंवाए नजदीकी अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाएँ। यदि संभव हो तो साँप का रंग या पहचान याद रखें, लेकिन उसे पकड़ने या मारने का प्रयास बिल्कुल न करें।
डॉ. पटेल ने लोगों को झाड़-फूंक या घरेलू उपचार पर भरोसा न करने, काटे हुए स्थान पर चीरा न लगाने, जहर चूसने की कोशिश न करने, रस्सी या कपड़े से बहुत कसकर न बाँधने (टूर्निकेट न लगाने) तथा बिना डॉक्टर की सलाह के कोई दवा न लेने की भी सलाह दी। उन्होंने कहा कि समय पर उपचार मिलने से अधिकांश मामलों में मरीज की जान बचाई जा सकती है।
डॉ. भागेश्वर पटेल ने नागरिकों से अपील की है कि बारिश के मौसम में सतर्कता बरतें, अफवाहों और गलत उपचार से बचें तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत अस्पताल पहुँचकर विशेषज्ञ चिकित्सक से इलाज कराएँ।

AD#1

काका खबरीलाल

हर खबर पर काकाखबरीलाल की पैनी नजर.. जिले के न. 01 न्यूज़ पॉर्टल में विज्ञापन के लिए आज ही संपर्क करें.. kakakhabarilaal@gmail.com

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!