सांकरा:उधारी के 20 हजार रुपये मांगने पर युवक से मारपीट, डंडा फेंककर किया घायल

सांकरा (महासमुंद)। सांकरा थाना क्षेत्र के ग्राम राजाकटेल सागुनढाप में उधारी के रुपये मांगने पर एक युवक के साथ गाली-गलौज और मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में प्रभुलाल पटेल (25 वर्ष), निवासी राजाकटेल सागुनढाप ने बताया कि उसने वर्ष 2025 में गांव के हेमंत पटेल को जरूरत पड़ने पर 20 हजार रुपये उधार दिए थे। आरोपी ने जल्द राशि लौटाने का आश्वासन दिया था, लेकिन कई बार मांगने के बावजूद पैसे वापस नहीं किए।
पीड़ित के अनुसार, 14 जुलाई 2026 को पैसे की आवश्यकता होने पर उसने हेमंत पटेल को फोन कर राशि वापस मांगी। इस पर आरोपी ने उसे रात करीब 9 बजे अपने घर बुलाया। प्रभुलाल अपने बड़े भाई मंशाराम पटेल के साथ वहां पहुंचा और रुपये की मांग की। आरोप है कि इसी बात पर हेमंत पटेल ने गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट कर दी। जान बचाकर भागने पर आरोपी ने घर से लकड़ी का डंडा लाकर उसकी ओर फेंका, जो प्रभुलाल के सिर में लगा और वह घायल हो गया।
घटना के दौरान प्रभुलाल की पत्नी पद्मिनी पटेल और बड़े भाई मंशाराम पटेल ने बीच-बचाव किया। पीड़ित की शिकायत पर सांकरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
































