तुमगांव:शटर तोड़कर चोरों ने उड़ाए 45 हजार, पुलिस जांच में जुटी

तुमगांव। नगर पंचायत तुमगांव में अज्ञात चोरों ने एक ही रात में कई दुकानों और प्रतिष्ठानों को निशाना बनाकर दहशत फैला दी। चोरों ने एक च्वाइस सेंटर सहित अन्य प्रतिष्ठानों के ताले तोड़कर नकदी और सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 और पुलिस मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 1, नगर पंचायत तुमगांव निवासी रिखीराम धीवर, जो “अमन च्वाइस सेंटर” का संचालन करते हैं, ने पुलिस को बताया कि 6 जुलाई की रात करीब 8:30 बजे वह दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन 7 जुलाई की सुबह करीब 8:30 बजे दुकान पहुंचने पर दोनों शटरों के ताले टूटे मिले। अंदर जाकर देखा तो दुकान का सामान बिखरा पड़ा था और गल्ले में रखी लगभग 45 हजार रुपये की नकदी गायब थी।
रिखीराम धीवर ने बताया कि उसी रात अज्ञात चोरों ने तुमगांव स्थित बालाजी किराना स्टोर्स, संजू प्रोविजन स्टोर्स और इंडेन गैस कार्यालय के भी ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। लगातार हुई इन घटनाओं से व्यापारियों में भय और आक्रोश का माहौल है।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा आरोपियों की तलाश की जा रही है।

































