बसना:तेज रफ्तार बस ने खड़े ट्रक को मारी टक्कर, एक ही परिवार सहित कई यात्री घायल

बसना। बिलाईगढ़ से बसना आ रही एक राजधानी यात्री बस द्वारा सड़क किनारे खड़े ट्रक को पीछे से टक्कर मार देने से एक ही परिवार के तीन सदस्य सहित कई यात्री घायल हो गए। घटना 10 जून 2026 की शाम करीब 7 बजे बसना-बिलाईगढ़ मार्ग पर ग्राम भालूपतेरा के पास हुई। घायल यात्रियों ने उपचार के बाद थाना पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम अमलीडीह थाना पिथौरा निवासी परमानंद यादव अपने पिता लक्ष्मण यादव और बहन चित्ररेखा यादव के साथ बहन के उपचार के लिए बिलासपुर गए हुए थे। उपचार के बाद वापस लौटते समय वे बिलाईगढ़ से बसना आने वाली राजधानी बस क्रमांक CG 04 E 1591 में सवार हुए थे। आरोप है कि बस चालक ने वाहन को तेज गति एवं लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए ग्राम भालूपतेरा के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक क्रमांक CG 06 GR 3880 को पीछे से टक्कर मार दी।
हादसे में परमानंद यादव को बाएं पैर के घुटने, मुंह, दाहिने पैर के घुटने के नीचे तथा आंख में चोटें आईं। वहीं उनके पिता लक्ष्मण यादव को बाएं पैर, घुटने, कूल्हे के पास एवं सीने में चोट लगी। उनकी बहन चित्ररेखा यादव के सिर और दाहिनी आंख के पास गंभीर चोटें आईं। बस में सवार अन्य यात्रियों के भी घायल होने की जानकारी मिली है।
घटना के बाद घायलों को एम्बुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसना पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया। घायल परमानंद यादव एवं उनके परिजनों ने महासमुंद स्थित अकाल पूरख अस्पताल में उपचार कराया। उपचार के पश्चात 4 जुलाई 2026 को थाना पहुंचकर उन्होंने घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले में बस चालक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 125(ए), 281 तथा मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।

































