पीएम आवास तक नहीं बख्शे, गरीबों के सपनों पर बुलडोज़र चलाकर सरकार सत्ता का अहंकार दिखा रही है – हेमलता सागर निषाद

नंदकिशोर अग्रवाल , काकाख़बरीलाल @पिथौरा। पिथौरा नगर पंचायत की पार्षद एवं महिला कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष हेमलता सागर निषाद ने रायपुर के नकटी गांव में चल रही कार्रवाई को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि सरकार गरीबों के सिर से छत छीनकर सत्ता का अहंकार दिखा रही है। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्के घर मिले थे, उन आवासों तक को नहीं बख्शा गया और उन्हें भी तोड़ दिया गया
हेमलता सागर निषाद ने कहा, “एक तरफ सरकार प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर गरीबों को पक्का घर देने का दावा करती है, वहीं दूसरी तरफ उन्हीं गरीबों के घर बुलडोज़र से ढहा दिए जाते हैं। यह सरकार की नीतियों का सबसे बड़ा विरोधाभास और गरीबों के साथ खुला अन्याय है
उन्होंने सवाल उठाया, “डबल इंजन सरकार का बुलडोज़र सिर्फ गरीबों के घरों तक ही क्यों पहुंचता है? क्या कानून केवल कमजोर और गरीब परिवारों पर ही लागू होता है?”
मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “सुशासन का दावा करने वाली सरकार पहले नकटी गांव की उजड़ती बस्तियों की चीखें सुने। गरीबों के आशियाने उजाड़कर विकास का जश्न मनाना संवेदनहीनता की पराकाष्ठा है। बच्चों के भविष्य को मलबे में बदलकर कोई सरकार जनकल्याण का दावा नहीं कर सकती
हेमलता सागर निषाद ने कहा, “गरीबों की आह और उनके आंसुओं का हिसाब देर-सवेर जरूर होता है। जिन परिवारों के सिर से छत छीनी गई है, उनकी बद्दुआ और दर्द व्यर्थ नहीं जाएगा। ईश्वर हर अन्याय का न्याय करता है और जनता लोकतंत्र में उसका जवाब देती है।
































