बसना:स्कूल में घुसकर चाकू की नोक पर प्रधान पाठिका से लूट, मंगलसूत्र और मोबाइल लेकर फरार हुआ अज्ञात बदमाश

बसना । महासमुंद जिले के बसना थाना क्षेत्र अंतर्गत भंवरपुर चौकी के ग्राम बड़ेसाजापाली स्थित शासकीय प्राथमिक शाला नेहरू नगर में मंगलवार को दिनदहाड़े एक अज्ञात युवक ने चाकू की नोक पर प्रधान पाठिका से लूट की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बेलटिकरी निवासी एवं शासकीय प्राथमिक शाला नेहरू नगर बड़ेसाजापाली में पदस्थ प्रधान पाठिका श्रीमती नान बाई चौधरी (55 वर्ष) मंगलवार सुबह करीब 11 बजे अपने कक्ष में मौजूद थीं। उसी दौरान करीब 20 से 22 वर्ष का एक अज्ञात युवक, जिसने चेहरे पर मटमैले रंग का स्कार्फ बांध रखा था, हाथ में चाकू लेकर स्कूल भवन के अंदर घुस गया।
बताया गया कि आरोपी ने पहले प्रधान पाठिका से मोबाइल फोन मांगा और विरोध करने पर चाकू से हमला कर उनके बाएं हाथ की उंगली में चोट पहुंचाई। इसके बाद आरोपी ने बच्चों को जान से मारने की धमकी देते हुए उनके गले में पहना सोने का मंगलसूत्र उतरवा लिया। भयभीत होकर प्रधान पाठिका ने अपना मंगलसूत्र आरोपी को सौंप दिया। आरोपी टेबल पर रखा वीवो कंपनी का मोबाइल फोन भी लेकर फरार हो गया।
लूटी गई संपत्ति में करीब 10 ग्राम वजनी सोने का मंगलसूत्र, जिसमें एक सोने का लॉकेट और आठ सोने के गेहूं दाने जड़े हुए थे, तथा एक मोबाइल फोन शामिल है। पुलिस के अनुसार, लूटी गई संपत्ति की कुल कीमत लगभग 50 हजार रुपये आंकी गई है।
घटना के समय विद्यालय में एक अन्य शिक्षिका श्रीमती विद्या कोसरिया भी मौजूद थीं, जो बच्चों को पढ़ा रही थीं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया और मौके से फरार हो गया।
पीड़िता की शिकायत पर भंवरपुर चौकी द्वारा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।































