सीएम हेल्पलाइन 1076 से डेढ़ माह पुरानी समस्या का 6 घंटे में हुआ समाधान

बालोद। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में आम जनता की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए संचालित मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों के लिए प्रभावी एवं भरोसेमंद माध्यम बनकर उभर रही है। सुशासन की दिशा में एक और उल्लेखनीय उदाहरण बालोद जिले में देखने को मिला, जहां ग्राम बोरी निवासी टेमन लाल साहू की लगभग डेढ़ माह से लंबित समस्या का समाधान मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से महज छह घंटे के भीतर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, टेमन लाल साहू का विवाह तीन माह पूर्व हुआ था। वे अपनी नवविवाहित पत्नी का नाम राशन कार्ड में दर्ज कराना चाहते थे। इसके लिए तकनीकी नियमों के तहत उनकी पत्नी के आधार कार्ड में पति का नाम एवं पता अपडेट होना आवश्यक था। इस कार्य के लिए टेमन लाल पिछले डेढ़ महीने से विभिन्न केंद्रों के चक्कर लगा रहे थे, लेकिन तकनीकी समस्याओं के कारण उनका कार्य पूरा नहीं हो पा रहा था, जिससे वे काफी परेशान और निराश हो चुके थे।
इसी दौरान उन्हें बालोद जिला प्रशासन के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की जानकारी मिली। उन्होंने तत्काल हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर अपनी समस्या दर्ज कराई। शिकायत दर्ज होते ही जिले के ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर ने स्वयं टेमन लाल से संपर्क किया, आवश्यक दस्तावेज प्राप्त किए और त्वरित कार्रवाई प्रारंभ की।
प्रशासन की संवेदनशीलता और तत्परता का परिणाम यह रहा कि जिस कार्य के लिए टेमन लाल पिछले डेढ़ महीने से परेशान थे, वह मात्र छह घंटे के भीतर सफलतापूर्वक पूरा हो गया। आधार कार्ड में आवश्यक संशोधन होने के बाद अब वे अपनी पत्नी का नाम राशन कार्ड में दर्ज कराकर विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकेंगे।
अपनी खुशी व्यक्त करते हुए टेमन लाल साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 आम लोगों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। उन्होंने बताया कि जहां उनका काम महीनों से अटका हुआ था, वहीं एक फोन कॉल से कुछ ही घंटों में समस्या का समाधान हो गया। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए जिले के अन्य नागरिकों से भी अपील की कि वे किसी भी प्रशासनिक समस्या या कार्य में अनावश्यक देरी होने पर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 का लाभ अवश्य उठाएं।
































