महासमुंद:भलेसर रोड पर दो मोटरसाइकिलों की भिड़ंत, एक युवक गंभीर रूप से घायल

महासमुंद। जिले के भलेसर-सीतली नाला मार्ग पर सोमवार शाम हुए सड़क हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसका साथी भी चोटिल हुआ है। घायल युवक का उपचार महासमुंद के निजी अस्पताल में जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम भलेसर निवासी गणेश राम सिन्हा अपने साथी गणेश राम काटले के साथ 22 जून 2026 को मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 GX 2321 से सब्जी खरीदने महासमुंद गए थे। शाम करीब 7 बजे दोनों वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान भलेसर रोड स्थित सीतली नाला के पास सामने से आ रही मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 P 0948 के चालक ने कथित रूप से तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए रांग साइड में आकर उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
हादसे में गणेश राम सिन्हा के बाएं पैर, बाएं हाथ, दाहिने कंधे, चेहरे सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, जबकि उनके साथी गणेश राम काटले को सामान्य चोटें आई हैं। घटना के बाद डायल-112 की सहायता से दोनों घायलों को जिला अस्पताल महासमुंद ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गणेश राम सिन्हा की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें सोहम अस्पताल, महासमुंद रेफर कर भर्ती कराया गया है।
घटना के प्रत्यक्षदर्शियों में ग्राम सरपंच सेवाराम कुर्रे एवं बिज्जू का नाम सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कराते हुए दोषी वाहन चालक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।































