सरायपाली:पुरानी रंजिश को लेकर युवक से मारपीट जानिए मामला

सरायपाली। महासमुंद जिले के सरायपाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लिमगांव में पुरानी रंजिश को लेकर एक ग्रामीण के साथ मारपीट और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। पीड़ित ने घटना के एक दिन बाद थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम लिमगांव निवासी एक किसान 25 जून 2026 की शाम करीब 5:30 बजे अपने खेत गया हुआ था। इसी दौरान गांव के चैन कुमार कोड़ाकू ने पुरानी बात को लेकर उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। पीड़ित के अनुसार, उसने कोई जवाब नहीं दिया और वापस घर लौटने लगा। आरोप है कि चैन कुमार कोड़ाकू उसके पीछे-पीछे आया और शाम करीब 6 बजे रतिलाल कोड़ाकू के घर के पास पहुंचकर पुनः अश्लील गालियां देते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट करने लगा।
पीड़ित ने बताया कि इसी दौरान चैन कुमार के पिता रामलाल कोड़ाकू भी मौके पर पहुंच गए और दोनों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। मारपीट की घटना में पीड़ित को पीठ और दाहिने पैर में चोटें आई हैं।
घटना के प्रत्यक्षदर्शी रतिलाल कोड़ाकू और राजकुमार कोड़ाकू ने बीच-बचाव किया। पीड़ित ने परिवार से सलाह-मशविरा करने के बाद 26 जून 2026 को सरायपाली थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
































