सारंगढ

सरसींवा :गोपालपुर धान मंडी के पास युवक पर हॉकी स्टिक से हमला, तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

सरसींवा/सारंगढ़-बिलाईगढ़। गोपालपुर धान मंडी के सामने मुख्य मार्ग पर एक युवक पर तीन अज्ञात बाइक सवारों द्वारा हॉकी स्टिक से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम जोरा निवासी नरिन्दर कुमार साहू 4 जून 2026 की रात करीब 8 से 9 बजे के बीच अपने साढ़ू के घर ग्राम झुमका से मोटरसाइकिल से वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान गोपालपुर धान मंडी के सामने मुख्य सड़क पर पीछे से एक मोटरसाइकिल में सवार तीन अज्ञात युवक पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए उस पर हमला कर दिया।
बताया गया है कि आरोपियों ने पहले हॉकी स्टिक से उसके सिर के पीछे वार किया, जिससे वह बाइक सहित सड़क पर गिर गया। इसके बाद आरोपी वापस लौटे और उसके माथे पर दोबारा हॉकी स्टिक से हमला कर दिया। हमले में युवक के सिर से खून निकलने लगा और वह बेहोश हो गया।
घटना के दौरान वहां से गुजर रहे नीलेश उर्फ सिप्पू दुबे ने घायल युवक को देखा। उनके पहुंचने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद डायल-112 को सूचना दी गई। पुलिस टीम ने घायल युवक को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सरसींवा पहुंचाया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलाईगढ़ रेफर किया गया। वर्तमान में घायल का उपचार बिलाईगढ़ अस्पताल में जारी है।
घायल के पिता जगतराम साहू की शिकायत पर पुलिस ने तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 115(2) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के क्षेत्र में जांच कर रही है।

AD#1

काका खबरीलाल

हर खबर पर काकाखबरीलाल की पैनी नजर.. जिले के न. 01 न्यूज़ पॉर्टल में विज्ञापन के लिए आज ही संपर्क करें.. kakakhabarilaal@gmail.com

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!