तुमगांव:कांटे को लेकर विवाद, पड़ोसी पर बुजुर्ग महिला से मारपीट व गाली-गलौज का आरोप

तुमगांव। रामसागर पारा वार्ड क्रमांक 10 निवासी बोदरा निर्मलकर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि उनके घर की बाड़ी में लगे आम के पेड़ को बंदरों से बचाने के लिए बाउंड्री दीवार पर कांटे रखे गए थे, जो हवा-पानी के कारण टूटकर गली में गिर जाते थे।
शिकायत के अनुसार, 28 मई 2026 को दोपहर करीब 12 बजे पड़ोसी लोकेश निर्मलकर गली से गुजरते समय इस बात को लेकर अश्लील गाली-गलौज करने लगा। जब बुजुर्ग महिला ने विरोध करते हुए पूछा कि किसे गाली दे रहे हो, तो आरोपी ने कथित रूप से उनके साथ हाथ-मुक्के से मारपीट की और गला पकड़कर धक्का दे दिया। इससे वह गिर गईं और उनके दाहिने हाथ में चोट आई।
घटना को उनके पति पुनीत राम निर्मलकर ने देखा और बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपी वहां से चला गया। बाद में महिला ने अपने बेटे हेमंत निर्मलकर को भी घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 296 और 351(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।






























