भटगांव: सुबह क्रिकेट खेलने गए अध्यक्ष, पीछे घर में हो गई चोरी

भटगांव। नगर पंचायत भटगांव के अध्यक्ष विक्रम कुर्रे के घर में मंगलवार सुबह अज्ञात चोर ने धावा बोलकर नकदी और मोबाइल फोन पार कर दिए। घटना उस समय हुई जब वे सुबह क्रिकेट खेलने गए हुए थे और उनकी पत्नी छोटी बेटी के साथ टहलने बाहर निकली थीं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विक्रम कुर्रे सुबह करीब 5:55 बजे अड़बधा तालाब स्थित स्कूल मैदान क्रिकेट खेलने गए थे। इसी दौरान उनकी पत्नी और छोटी बेटी भी घर से बाहर टहलने निकली थीं, जबकि बड़ी बेटी घर की दूसरी मंजिल पर सो रही थी। तभी घर के अंदर सामान गिरने की आवाज सुनकर बड़ी बेटी नीचे आई तो उसने देखा कि एक अज्ञात व्यक्ति घर के भीतर चोरी कर रहा है। बेटी को देखते ही आरोपी खिड़की के रास्ते दीवार फांदकर फरार हो गया।
घटना से घबराई बड़ी बेटी ने बाहर जाकर अपनी मां को सूचना दी। इसके बाद पत्नी ने फोन कर विक्रम कुर्रे को घटना की जानकारी दी। घर पहुंचकर जांच करने पर अलमारी का ताला टूटा मिला और सामान बिखरा पड़ा था। जांच में 16 हजार रुपये नकद और दो पुराने इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन चोरी होना पाया गया।
विक्रम कुर्रे ने इस संबंध में भटगांव थाना में लिखित आवेदन देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने धारा 305-BNS एवं 331(3)-BNS के तहत मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।




























