महासमुंद:तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को मारी टक्कर, दो महिलाएं घायल

महासमुंद। जिले के ग्राम परसट्ठी में तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक चलाए जा रहे ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार दो महिलाएं घायल हो गईं। पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ 125(a)-BNS और 281-BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम बम्हनी निवासी सोहन लाल महतो 21 मई 2026 की सुबह करीब 9:30 बजे अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 GY 8149 से अपनी मां जंत्रीन बाई पाल और बड़े भाई की सास यशोदा बाई पाल को लेकर महासमुंद से अपने गांव लौट रहे थे।
जब वे ग्राम परसट्ठी में लालाराम बंजारे के घर के पास पहुंचे, तभी गलत दिशा से आ रहे ट्रैक्टर क्रमांक CG 04 L 0367 के चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को साइड से टक्कर मार दी।
हादसे में जंत्रीन बाई के दोनों पैर, बायां कंधा, पसली और मुंह में गंभीर चोटें आईं, जबकि यशोदा बाई के दाहिने पैर, कमर और बाईं पसली में चोट लगी है। घटना के प्रत्यक्षदर्शी हेमिन मारकण्डे और सेवाराम साहू बताए जा रहे हैं।
घटना के बाद घायलों को निजी वाहन से अकाल पुरख अस्पताल, महासमुंद में भर्ती कराया गया, जहां जंत्रीन बाई का उपचार जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।































