महासमुंद:बीड़ी लेने निकला युवक चापड़ हमले का शिकार जानिए मामला

महासमुंद। शहर के मौहारी भांठा क्षेत्र में आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद एक युवक पर चापड़ से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1)-BNS के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 28 मौहारी भांठा निवासी टकेश्वर साहू ने पुलिस को बताया कि 22 मई 2026 की रात करीब 8 बजे वह अपने साथी शुभम निषाद के साथ पानी टंकी के पास बैठा था। इसी दौरान बच्चों को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। कुछ देर बाद दोनों अपने-अपने घर चले गए।
रात करीब 9:35 बजे टकेश्वर साहू बीड़ी लेने तुलसी किराना दुकान की ओर जा रहा था। तभी शुभम निषाद हाथ में मुर्गा काटने वाला चापड़ लेकर वहां पहुंचा और बहसबाजी करते हुए उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले से टकेश्वर के सिर, दोनों हाथों, बाएं हाथ की उंगलियों सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
घायल युवक किसी तरह जान बचाकर घर पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद डायल 112 की मदद से उसे जिला अस्पताल महासमुंद में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।































