सरायपाली:तोषगांव में बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक लगवाया HPV टीका

सरायपाली। जिले में कैंसर से बचाव हेतु चलाए जा रहे HPV टीकाकरण अभियान ने अब रफ्तार पकड़ ली है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई नागेश्वर राव के मार्गदर्शन में महासमुंद जिले की पात्र बालिकाओं को लगातार HPV वैक्सीन लगाई जा रही है।
इसी क्रम में पीएचसी तोषगांव में आयोजित टीकाकरण सत्र में 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी 25 बालिकाओं को HPV वैक्सीन लगाया गया। इनमें उन बालिकाओं को शामिल किया गया जिनकी जन्म तिथि 02 फरवरी 2011 से 21 मई 2012 के बीच है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार यह टीका भविष्य में होने वाले सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए पूरी तरह सुरक्षित और प्रभावी है।
टीकाकरण अभियान को सफल बनाने में ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। ग्राम गोहरापाली के वरिष्ठ नागरिक हीरालाल प्रधान ने अपनी बेटी अंशिका प्रधान को वैक्सीन लगवाकर लोगों को प्रेरित किया। वहीं ग्राम तोरेसिंहा की सरपंच श्रीमती सुनीता कुम्हार ने भी अपनी बेटी का टीकाकरण कराकर ग्रामीणों को जागरूक किया। उनके प्रयासों से अन्य बालिकाओं ने भी उत्साहपूर्वक टीका लगवाया।
इस दौरान लोगों को संदेश दिया गया कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और पात्र बालिकाओं का समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं। शिविर में डॉ. कुणाल नायक (बीएमओ), टी.आर. धृतलहरे (BETO), सुरेश पटेल (सुपरवाइजर), प्रगति शर्मा, प्रह्लाद कन्धेर (नर्सिंग ऑफिसर), गीतांजलि सिदार, विमल सिदार, देवकी साहू, स्वयंम प्रभा भोई, चिंता सिदार, घुराऊ चौहान सहित स्वास्थ्य विभाग का पूरा स्टाफ एवं स्थानीय मितानिन उपस्थित रहीं।
स्वास्थ्य विभाग सरायपाली ने अभिभावकों से अपील की है कि वे पात्र बालिकाओं का HPV टीकाकरण अवश्य कराएं, ताकि उन्हें भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।
































