विश्व मूलनिवासी दिवस पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया

डिग्री लाल जगत रायगढ़ ब्यूरो रिपोर्ट
काकाखबरीलाल खरसिया:-गौरतलब है कि 09 अगस्त को संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा मूलनिवासी दिवस घोषित किया गया है। इसे पूरे विश्व में मूलनिवासी आदिवासी संस्कृति के संरक्षण, सामाजिक, आर्थिक स्थिति की ओर पूरे विश्व का ध्यान आकृष्ट करने के लिए मनाया जाता है।
इस विषय पर आयोजित विचार गोष्ठी में सर्वप्रथम मूलनिवासी महापुरुषों बिरसा मुंडा, शहीद वीर नारायण सिंह, टांट्या भील, गेंद सिंह सहित गाडगे बाबा, पेरियार, फूले, बाबा साहब सभी को दीप प्रज्वलित करते हुए अपनी आदरांजलि अर्पित की गई। प्राचीन संस्कृति को युगों तक संरक्षित सुरक्षित रखने वाले आदिवासी समाज के योगदान को याद किया गया।
तत्पश्चात वक्ता एवं युवा प्रकोष्ठ संरक्षक राकेश नारायण बंजारे ने अपनी बात रखते हुए कहा कि मूलनिवासी दिवस की जब बात आती है तो हमारा दृष्टिकोण केवल छत्तीसगढ़ या भारत तक ही नहीं होना चाहिए। संयुक्त राष्ट्र संघ ने पूरे विश्व के मूलनिवासियों के परंपरा, संस्कृति, भाषा के प्रति समाज को विचार करने के लिए यह दिवस घोषित किया है। उनकी रोजगार की स्थिति और विकास के अच्छे माहौल उपलब्ध किए जाने की दिशा में चिंतन किया जाना समाज की प्राथमिकता होनी चाहिए।
वरिष्ठ सलाहकार नीला राम घृतलहरे ने कहा कि समाज में समता तभी आ सकती है जब इसके सभी अंगों का समुचित विकास हो। शिक्षा से ही समाज में व्यापक जागृति लायी जा सकती है।
अध्यक्ष इंद्रा बघेल ने कहा कि आदिवासी समाज ने ही चीर काल से जल, जंगल, जमीन को संरक्षित रखा है। इस समाज से हम सभी को कठोर परिश्रम का पाठ सीखना चाहिए।
सचिव मोहन भारद्वाज ने कहा कि हमें गर्व है हमारा छत्तीसगढ़ प्रदेश आदिवासी संस्कृति से भरापूरा राज्य है। सामाजिक और राजनैतिक चेतना लगातार बढ़ रही है जो छत्तीसगढ़ प्रदेश के लिए सुनहरा संकेत है।
युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष राकेश धृतलहरे ने अपनी बात रखते हुए कहा कि संयुक्त राष्ट्र संघ के एक प्रस्ताव द्वारा 09 अगस्त को मूलनिवासी दिवस घोषित किया गया है। इसे व्यापक रूप से मनाया जाना चाहिए।
अरविंद बंजारे ने कहा कि निश्चित ही यह दिवस विश्व के मूलनिवासियों की आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक स्थिति की ओर लोगों की चेतना जागृत कर रही है।
कार्यक्रम में कोषाध्यक्ष सुंदर कुर्रे, मिडिया प्रभारी हेमलाल कुर्रे सहित सभी ने अपने विचार रखे।
कार्यक्रम का संचालन सचिव नरेंद्र कुर्रे ने किया।
युवा प्रकोष्ठ प्रचार मंत्री युवराज बंजारे ने कार्यक्रम में सम्मिलित सभी वक्ताओं का संगठन की ओर से आभार व्यक्त किया।



























