सरायपाली :पर्यावरण संरक्षण के लिए कई वर्षों से यात्रा कर रहे हैं ओडिशा के धनेश्वर

सरायपाली। पर्यावरण संरक्षण को लेकर लोगों को जागरूक करने के लिए विगत कई वर्षों से पैदल यात्रा एवं साइकिल यात्रा कर रहे ओडिशा के धनेश्वर का आज सरायपाली आगमन हुआ। इसके पूर्व भी वे सन 2016 में इसी उद्देश्य को लेकर सरायपाली आ चुके हैं। इन दिनों वे विभिन्न राज्यों के स्कूलों में जा-जा कर विद्यार्थियों को पर्यावरण के प्रति जागरूकता का संदेश दे रहे हैं।
ओडिशा के बरगढ़ जिले के रहने वाले धनेश्वर साहू ने चर्चा में बताया कि कुछ वर्षों पूर्व ओडिशा में आने वाले समुद्री तूफान, गुजरात के भूकंप, आंध्र प्रदेश के चक्रवात और बिहार में आने वाले बाढ़ से विनाश को देखकर बहुत अधिक विचलित हो गए। इसके पश्चात उन्होंने समस्त देशवासियों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने का संकल्प ले लिया और अपने इस अभियान में निकल पड़े। इसके पहले भी वे छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश होते हुए दिल्ली तक की पदयात्रा कर चुके हैं। इस दौरान उन्होंने स्वयं भी हजारों पेड़ लगाए हैं और हजारों लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया है। अब वे फिर से छत्तीसगढ़ और ओडिशा के विभिन्न स्कूलों में जाकर विद्यार्थियों को पर्यावरण की सुरक्षा करने और पेड़ लगाने के लिए जागरूक कर रहे हैं।
श्री साहू ने बताया कि अब स्थिति पहले जैसी नहीं रही। वे लोगों को जागरूक करने के लिए निकलते तो हैं, लेकिन उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना भी करना पड़ता है। कई बार तो भीख मांग कर खाने की नौबत भी आ जाती है, तो कभी-कभी किसी होटल या अन्य जगह काम करते हैं तथा कुछ पैसे इकट्ठे होने के बाद पुनः अपने अभियान में निकल पड़ते हैं। उन्होंने बताया कि एक समय में वे दिल्ली के कुतुब मीनार में नौकरी करते थे। 25000 रूपये की नौकरी को उन्होंने छोड़ दिया और पर्यावरण संरक्षण के लिए लोगों को जागरूक करने में लग गए। आजकल स्कूलों में जा जाकर विद्यार्थियों व शिक्षकों को जागरूकता का संदेश दे रहे हैं।
























