सरायपाली:नीट में क्षेत्र के दो विद्यार्थियों ने सफलता अर्जित कर अंचल का नाम रोशन किया


सरायपाली (काकाखबरीलाल).बीते माह मेडिकल कॉलेज में प्रवेश हेतु आयोजित परीक्षा नीट में सरायपाली क्षेत्र के दो विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट अंक अर्जित कर पूरे अंचल का नाम रोशन किया है। इसके माध्यम से वे मेडिकल कॉलेज में दाखिला लेकर अपने डॉक्टर बनने का सपना साकार कर पाएंगे। विद्यार्थियों की इस सफलता से जहां पूरा अंचल गौरवान्वित है, वहीं उन्हें बधाई देने का भी सिलसिला जारी है।
ज्ञात हो कि विगत मई माह में मेडिकल कॉलेज में प्रवेश हेतु एनईईटी परीक्षा 2024 का आयोजन किया गया था, जिसमें सरायपाली के दो होनहार विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। इसमें शेख शहजादा शाहरूख पिता शबारक हुसैन ने जहां 672 अंक प्राप्त कर अखिल भारतीय रैंक 12883 हासिल किया है, वहीं सिमरन प्रधान पिता सदानंद प्रधान ने 660 अंक प्राप्त कर अखिल भारतीय रैंक 22257 हासिल किया है। इस सफलता के बाद अब उन्हें शासकीय अथवा निजी मेडिकल कॉलेजों में दाखिला मिल जाएगा इसके बाद में अपने डॉक्टर बनने का सपना पूरा कर सकते हैं। उनकी इस सफलता पर उनके समस्त शुभचिंतकों, शिक्षक गणों आदि ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की
कामना की है।



























