
किसानों के मुद्दों और गौतस्करी समेत धर्मान्तरण मामले में होगा छत्तीसगढ़ में बड़ा आंदोलन
जय श्री राम की जय घोष के नारों से बसना शहर गूंज उठा, सैकड़ो बजरंगियों ने निकली बाइक रैली…
काका ख़बरीलाल महासमुंद/बसना : अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद व राष्ट्रीय बजरंग दल का जिला स्तरीय कार्यक्रम बसना के कृषि उपज मंडी में संपन्न हुई। कार्यक्रम में मुख्य रूप से अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकारिणी प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कुमार यादव उपस्थित थे। साथ में विभाग संयोजक विजय महतो, चेतन साहू, दयानंद साहू एवं महेंद्र साव मंचासीन थे। सर्वप्रथम कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता की छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया गया। जिसके पश्चात ओम के उच्चारण के साथ जय राम श्री राम के जाप से कार्यक्रम की शुरुआत की गई। सभा को संबोधित करते हुए अतिथियों का स्वागत भाषण महेंद्र साव द्वारा किया गया। साथ ही श्री साव ने हिंदू राष्ट्र बनाने एवं गौ रक्षा करने व क्षेत्र में हो रही गौवंश की तस्करी रोकने समेत धर्मांतरण के मुद्दों पर बात विचार प्रकट किया। उद्बोधन की कड़ी में प्रदेश अध्यक्ष श्री यादव ने अपने उद्बोधन में सर्वप्रथम अपने कार्यकर्ताओं का आभार जताया जो पानी गिरते हुए भी सैकड़ों की संख्या में कार्यक्रम में पहुंचे।

श्री यादव ने भाजपा शासन पर वार करते हुए कहा कि हिंदू हित की बात करने वाली पार्टी अब छत्तीसगढ़ में नहीं रही इनको अपनी राजनीति रोटी सेकने से फुर्सत नहीं।
वही किसानों के मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने एवं आंदोलन करने की बात कही गई। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि देश के सरहद पर जो जवान हैं वह किसी नेता या अमीर घराने से नहीं बल्कि गांव कस्बों में रहने वाले किसानों के बेटे हैं जो हमारी मातृभूमि की रक्षा के लिए लगे हुए हैं। मगर सरकार को किसानों की चिंता नही। आज वही किसान आत्महत्या जैसे आत्मघाती कदम उठाने में मजबूर हैं। इसके अलावा श्री यादव ने गौ तस्करी को लेकर एवं धर्मांतरण को लेकर सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव आते ही हिन्दू हित की बात करने आगे रहती है भाजपा। लेकिन गोतस्करों को रोक पाने में सरकार नाकामयाब है।
इसके पश्चात राष्ट्रीय बजरंग दल महासमुंद का गठन किया गया जिसमें सर्व सहमति से जिलाध्यक्ष महेंद्र साव को राष्ट्रीय बजरंग दल महासमुंद की कमान सौंपी गई। वही ईवन साहू महासमुंद, अभिषेक चौहान पिथौरा एवं सरायपाली से मंयक शर्मा को जिला उपाध्यक्ष बनाया गया। उक्त कार्यक्रम का संचालन संगठन मंत्री राहुल वाडिवा ने किया।

सैकड़ो बजरंगियों ने निकली बाइक रैली
राष्ट्रीय बल बजरंग दल के प्रदेश अध्यक्ष के आगमन पर सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ताओं ने बाइक रैली निकालते हुए जय श्री राम के जयघोष नारे के साथ अतिथियों का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान सैकड़ों बजरंगियों ने हाथ में भगवा झंडा लिए नगर में रैली निकली गई। वही डीजे के धुन में शहनाज़ अख्तर की फेमस गीत मुझे चढ़ गया भगवा रंग के गाने के साथ-साथ जय श्री राम की नारें शहर में गूंजती रहीं।





























