महासमुंद : कैश वैन लूट मामले में पांच गिरफ्तार

जिले के राजा खरियार में कैश वैन में रखे 57 लाख कैश समेत वैन को लेकर फरार होने के मामले का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत पांच को गिरफ्तार किया है। खरियार थाने में आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी प्रत्युष दिवाकर ने मामले की जानकारी दी। गत 6 तारीख को राजा खरियार स्थित स्टेट बैंक से विभिन्न एटीएम में कैश फीडिंग के लिए 57 लाख रुपए रखे गए थे। वैन का ड्राइवर बैंक कर्मी व सुरक्षा गार्ड के वैन में बैठने से पहले ही लेकर फरार हो गया था। बाद में पुलिस को खाली वेन जंगल में खड़ी मिली थी।इस मामले में वारदात का मुख्य आरोपी वेन का ड्राइवर समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया और 55 लाख 76 हजार 750 रुपए भी बरामद कर लिए गए हैं। इस घटना में मुख्य आरोपी वेन का अस्थायी ड्राइवर चिंदाग़ुडा निवासी जयराम माझी (33) बलांगीर जिले के तुरकेला थानांतर्गत कंदेल गांव में रहने वाली उसकी बहन विशाखा माझी (40) नेत्रानंद माझी (45), ईश्वर माझी (28) तथा कोमना थानांतर्गत छता गांव के भुजबल माझी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके पास से लूट के 55 लाख 76 हजार कैश, एक कार व एक ऑटो को पुलिस ने जब्त किया है।
कैश लेकर आरोपी जयराम माझी अपने बहन के घर गया था। वहां कुछ रुपए छोड़ने के बाद एक बाइक से ईश्वर माझी के साथ कोमना आया था। वहां से एक कार को भाड़े पर लेकर छता गांव गया, जहां उसने कुछ रुपए रखे थे। पुलिस को मुख्य आरोपी जयराम माझी को गिरफ्तार करने के बाद उससे बाकी सहयोगियों के बारे में पता चला।


























