
अनुसूचित जनजाति के पुरूष एवं महिला सिपाहियों की 139 पदों पर
भर्ती के लिए 03 अगस्त को होगी भर्ती रैली
काकाखबरीलाल,रायपुर. 22 जुलाई 2018
केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के बस्तरिया बटालियन में अनुसूचित जनजाति के सिपाहियों की भर्ती के लिए उम्मीदवारों का भर्ती पूर्व निःशुल्क प्रशिक्षण 16 जुलाई से शुरू हो गया है। बीजापुर, दंतेवाड़ा, नारायणपुर और सुकमा जिला मुख्यालय में स्थानीय युवाओं के लिए संचालित दो सप्ताह का यह प्रशिक्षण 30 जुलाई तक चलेगा। दंतेवाड़ा जिले के युवकों और युवतियों को निःशुल्क शिक्षा एवं शारीरिक दक्षता प्रशिक्षण पुलिस लाइन कार्ली, दंतेवाड़ा में दिया जा रहा है। प्रशिक्षुओं के लिए आवास एवं भोजन की भी व्यवस्था की गई है। बस्तरिया बटालियन में भर्ती के लिए आगामी 03 अगस्त को भर्ती रैली आयोजित की जा रही है।
भर्ती रैली में शामिल होने के इच्छुक केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के पुलिस उपमहानिरीक्षक कार्यालय (परिचालन) के अधिकारियों ने आज बताया कि बस्तरिया बटालियन में अनुसूचित जनजाति के पुरूष एवं महिला सिपाहियों के 139 पदों पर बस्तर संभाग के चार जिलों बीजापुर, दंतेवाड़ा, नारायणपुर और सुकमा के युवाओं की भर्ती की जाएगी। इनमें सिपाही (जनरल ड्यूटी) के 103 तथा सिपाही (ट्रेड्समैन) के 36 पद शामिल हैं। जनरल ड्यूटी और ट्रेड्समैन सिपाहियों के 42 पद दंतेवाड़ा जिले से भरे जाएंगे। वहां भर्ती पूर्व प्रशिक्षण के दौरान पुरूषों के आवास की व्यवस्था बालक हाईस्कूल और आस्था गुरूकुल बालक शाला में की गई है। वहीं महिलाओं की आवास की व्यवस्था दंतेवाड़ा के लाइवलीहुड कॉलेज तथा कन्या शिक्षा परिषद में की गई है।
खुली भर्ती में भाग लेने के इच्छुक उम्मीदवारों को बीजापुर, दंतेवाड़ा, नारायणपुर और सुकमा जिला मुख्यालय में 16 जुलाई से निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है। भर्ती के समय उम्मीदवार को सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी चारों जिलों में से किसी एक जिले का निवास प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा। बस्तरिया बटालियन में भर्ती के लिए शैक्षणिक योग्यता मैट्रिक उत्तीर्ण रखी गई है। उम्मीदवार की आयु 01 अगस्त 2018 को 18 वर्ष से 28 वर्ष के बीच होना चाहिए। पुरूष उम्मीदवारों के लिए ऊंचाई कम से कम 153 सेंटीमीटर एवं सीने की चौड़ाई पांच सेंटीमीटर फुलाव के साथ कम से कम 74.5 सेंटीमीटर होना चाहिए। महिला उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम 140.5 सेंटीमीटर ऊंचाई की पात्रता रखी गई है।
शारीरिक दक्षता परीक्षण के अंतर्गत सिपाही (जनरल ड्यूटी) के लिए पुरूषों को पांच किलोमीटर की दौड़ 24 मिनट में और महिलाओं को 1.6 किलोमीटर (एक मील) की दौड़ आठ मिनट 30 सेंकड में पूरी करनी होगी। सिपाही (ट्रेड्समैन) के लिए पुरूषों को 1.6 किलोमीटर की दौड़ अधिकतम 10 मिनट में एवं महिलाओं को 12 मिनट में पूरी करनी होगी। भर्ती के संबंध में अन्य आवश्यक जानकारी केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के नजदीकी कैंप या बीजापुर, दंतेवाड़ा, जगदलपुर और सुकमा के पुलिस उपमहानिरीक्षक कार्यालय (परिचालन) से प्राप्त की जा सकती है।


























