जिले की नेत्रहीन बालिका ईश्वरी निषाद के खेलने के लिए दुबई जाने का खर्च सरकार उठाएगी

पैरा एथलेटिक में राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्णपदक प्राप्त करने वाली महासमुंद जिले की नेत्रहीन बालिका ईश्वरी निषाद के खेलने के लिए दुबई जाने का खर्च सरकार उठाएगी। दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाली संस्थाओं, व्यक्तियों और दिव्यांगजनों को राजधानी रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में समाज कल्याण मंत्री अनिला भेंडिय़ा ने यह घोषणा की।
समाज कल्याण विभाग द्वारा माना कैम्प स्थित संचालनालय परिसर में आयोजित समारोह में राज्य सभा सांसद छाया वर्मा, छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष ज्ञानेश शर्मा, विभिन्न जिलों से आए दिव्यांगजन और दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए कार्य करने वाली संस्थाओं के पदाधिकारी शामिल हुए। समारोह में अतिथियों ने विभागीय मेन्युअल पुस्तिका, शराब व्यसन मुक्ति पुस्तिका और ब्रेल कैलेण्डर का भी विमोचन किया। इस दौरान सर्वोत्तम स्वैच्छिक संस्था के लिए दृष्टि बाधित श्रेणी में महासमुंद जिले की फॉर्चून फाउण्डेशन समाज सेवी संस्था़ और श्रवण बाधित संवर्ग के लिए जांजगीर.चांपा जिले के प्रेमधारा चेरिटेबल सोसायटी नवजीवन मूकबधिर विद्यालय और सर्वोत्तम दृष्टि बाधित नियोक्ता की श्रेणी में बालोद जिले के खेमराज जनकल्याण संस्था समिति को दिव्यांगजन राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
सभी पुरस्कृत लोगों और संस्थाओं को सम्मान राशि का चेक, शील्ड, प्रमाण पत्र और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
























