छत्तीसगढ़

स्वतंत्रता दिवस पर राजधानी में मुख्यमंत्री फहराएंगे झंडा… सुरक्षा बल केवल गार्ड ऑफ ऑनर देंगे… कहीं भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों को अनुमति नहीं…

रायपुर (काकाखबरीलाल).स्वतंत्रता दिवस समारोह पर भी कोरोना संक्रमण की छाया मौजूद रहेगी। राजधानी रायपुर के पुलिस परेड मैदान में मुख्य समारोह आयोजित होगा। इसमें मुख्यमंत्री भूपेश बघेल राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। पुलिस और अर्धसैनिक बलों की टुकड़ियां केवल गार्ड ऑफ ऑनर देंगी। मार्च पास्ट नहीं होगा। न ही किसी तरह का सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत होगा।

सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव डीडी सिंह ने आज स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजन से जुड़े विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। इसके मुताबिक मुख्यमंत्री भूपेश बघेल राजधानी में राज्य स्तरीय समारोह में ध्वजारोहण करेंगे। गार्ड ऑफ ऑनर होगा और मुख्यमंत्री जनता के नाम संदेश पढ़ेंगे। इस कार्यक्रम में डॉक्टरों, पुलिस कर्मियों, स्वास्थ्य कर्मचारियों और सफाईकर्मियों को विशेष रूप से आमंत्रित किया जाएगा। समारोह के दौरान मास्क लगाना, शारीरिक दूरी का पालन अनिवार्य होगा। जिलों में सरकार की ओर से मुख्य अतिथि बनाए गए मंत्री और संसदीय सचिव ध्वजारोहण करेंगे। इस दौरान भी मार्चपास्ट और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित नहीं होंगे।

तहसील स्तर पर सार्वजनिक कार्यक्रम नहीं
नए निर्देशों के मुताबिक तहसील और जनपद पंचायत स्तर पर सार्वजनिक कार्यक्रम नहीं होंगे। जनपद पंचायत कार्यालय में अध्यक्ष ध्वजारोहण करेंगे। नगरीय निकायों में निकाय के अध्यक्ष ध्वजारोहण करने वाले हैं। पंचायतों में सरपंच ध्वजारोहण करेंगे और राष्ट्रगान का सामूहिक गायन भर होगा।

स्कूलों में भी सांस्कृतिक कार्यक्रम-प्रतियोगिता की मनाही
जिन स्कूलों में कक्षाओं का संचालन हो रहा है, वहां विद्यार्थियों की उपस्थिति में ध्वजारोहण होगा। स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर पर प्रकाश डाला जाएगा। स्कूलों में प्रभातफेरी, रैली, सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रतियोगिता आदि का आयोजन नहीं किया जाएगा। स्कूलों में कोरोना से बचाव के लिए जारी दिशानिर्देशों का पालन अनिवार्य होगा।

सभी सार्वजनिक भवनों पर फहरेगा तिरंगा, रोशनी भी होगी
सरकार ने सभी सरकारी और सार्वजनिक भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने का आदेश जारी किया है। रायपुर के सरकारी कार्यालयों में यह काम सुबह 9 बजे से पहले कर लेना है ताकि अधिकारी-कर्मचारी मुख्य समारोह में भाग ले सकें। सरकारी कार्यालयों में ध्वजारोहण के बाद सामूहिक राष्ट्र गान होगा। रात को सभी सरकारी और सार्वजनिक भवनों पर रोशनी की जाएगी।

AD#1

काका खबरीलाल

हर खबर पर काकाखबरीलाल की पैनी नजर.. जिले के न. 01 न्यूज़ पॉर्टल में विज्ञापन के लिए आज ही संपर्क करें.. kakakhabarilaal@gmail.com

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!