
?ग्राम पचपेड़ी,सिंघनपुर,भद्रा में उज्जवला दिवस आयोजित
✍कोसिर- ग्राम स्वराज अभियान के तहत उज्जवला दिवस के अवसर पर केन्द्रीय इस्पात राज्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय आज सारंगढ़ विकासखण्ड के ग्राम पचपेड़ी में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने ग्राम स्वराज अभियान के तहत विशेष रूप से देश के 20 हजार से अधिक गांवों का चयन किया है। रायगढ़ संसदीय क्षेत्र में 21 गांवों का चयन किया गया है जिसमें से 20 गांव सारंगढ़ में है एवं एक गांव खरसिया विकासखण्ड का पुरैना है। 20 दिन में केन्द्र शासन की 7 प्रमुख योजनाओं का शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करना है। देशभर में आज उज्जवला दिवस मनाया जा रहा है और बड़ी तादाद में एलपीजी गैस चूल्हा एवं सिलेण्डर वितरण किया जा रहा है। यह एक कल्याणकारी योजना है। पहले महिलाओं को ईंधन के लिए लकड़ी लेने हेतु दूर जाना पड़ता था और चूल्हा जलाने में भी तकलीफ होती थी। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने गरीब माताओं एवं बहनों के कष्ट को समझा और गैस कनेक्शन दिया है। उन्होंने ग्रामवासियों से आव्हान किया कि प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत 245 परिवार को गैस सिलेण्डर का तोहफा मिल रहा है वे एक-दूसरे को गैस सिलेण्डर का उपयोग करने के लिए सिखाए और प्रोत्साहित करें।
केन्द्रीय इस्पात राज्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सौभाग्य योजना (सहज बिजली हर-घर बिजली)के तहत सभी घरों में बिजली पहुंचायी जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत 5 करोड़ की राशि बढ़ाकर 8 करोड़ कर दी गई है। जिससे गांवों में और भी उज्जवला गैस के कनेक्शन प्रदान किए जायेंगे। प्रधानमंत्री जन-धन योजना के तहत 31 करोड़ लोगों का खाता खोला गया है वहीं प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत गरीब परिवार को सहायता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नये भारत का निर्माण कर रहे है।
विधायक श्रीमती केराबाई मनहर ने कहा कि सरस्वती सायकल योजना के तहत बालिकाओं को सायकल दी जा रही है वहीं संचार क्रांति के तहत विद्यार्थियों को टैबलेट प्रदान किया जा रहा है। स्मार्ट कार्ड के जरिए जनसामान्य 50 हजार रुपए तक की राशि से अपना इलाज करा सकते है, वहीं संजीवनी कोष, तीर्थ यात्रा योजना, मुख्यमंत्री कन्या दान येाजना, प्रधानमंत्री आवास योजना से ग्रामवासी लाभान्वित हो रहे है।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अजेश पुरूषोत्तम अग्रवाल ने कहा कि ग्राम स्वराज अभियान के तहत पात्र हितग्राहियों तक शत-प्रतिशत योजना का क्रियान्वयन किया जाना है। उन्होंने ग्रामवासियों से कहा कि शासन द्वारा संचालित केन्द्र एवं राज्य शासन की योजनाओं का लाभ लें। अंतिम व्यक्ति तक योजना का लाभ पहुंचना चाहिए। उन्होंने ग्रामवासियों से कहा कि शौचालय का उपयोग करें और गांव का विकास करें।
प्रभारी कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने कहा कि ग्राम स्वराज अभियान के तहत प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत 100 के लक्ष्य के विरूद्ध ग्राम पचपेड़ी में 243 गैस कनेक्शन का वितरण किया जा रहा है, जो उल्लेखनीय है। उन्होंने बताया कि सांसद, विधायक एवं अधिकारियों को 5 मई तक 21 ग्राम पंचायतों में 7 योजनाओं का शत-प्रतिशत लक्ष्य पूर्ण करना है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री विस्तारित उज्जवला योजना के तहत ऐसे हितग्राही भी लाभान्वित होंगे जिनका एसीसीसी 2011 की सूची में नाम नहीं है। इसी तरह प्रधानमंत्री आवास योजना में भी ऐसे जनसामान्य जिनका नाम एसीसीसी 2011 में नाम नहीं है वे भी लाभान्वित होंगे। इसके लिए 14 अप्रैल से 20 अप्रैल तक ग्राम सभा आयोजित की जाएगी और ग्राम सभा द्वारा नाम भेजा जाएगा तथा भौतिक सत्यापन भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले में 30 हजार आवास पूर्ण हो चुके है। उन्होंने ग्रामवासियों से आव्हान किया कि बेटी एवं बहुओं को शौचालय का उपहार दें।
इस अवसर पर ग्राम पचपेड़ी की हितग्राही श्रीमती सरोज लहरे ने अपने अनुभव बताते हुए कहा कि पहले चूल्हा में खाना बनाते हुए धुआं होता था, लेकिन अब जल्दी खाना बन जाता है। बरसात में लकड़ी गीले होने की वजह से दिक्कत होती थी, अब धुएं से मुक्ति मिली। इस अवसर पर गैस सिलेण्डर का नियमित उपयोग करने पर रूकमणी, खुलेश्वरी, बीना, समारिन को शील्ड देकर सम्मानित किया गया। इंडियन ऑयल के डिस्ट्रिक नोडल आफिसर श्री नितिन साहू ने गैस सिलेण्डर संबंधित सावधानी एवं सुरक्षा के उपाय की जानकारी दी। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि श्री अरविंद हरिप्रिया, नगर पालिका अध्यक्ष श्री अमित अग्रवाल, श्री ज्योति पटेल, श्री विरेन्द्र निराला, श्री दीनानाथ खूंटे, श्री धर्मेन्द्र पटेल, श्री मनोज लहरे, श्याम सुंदर रात्रे, परिमल चन्द्रा, सरपंच श्रीमती अंजना महिलाने, श्री भरत जाटवर, श्री राजू निषाद, श्री मनीष शर्मा, श्री शिबू चौहान, एसडीएम श्री बी.आर.ठाकुर, जनपद पंचायत सीईओ श्री ऋषिकेश तिवारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित थे। आभार प्रदर्शन खाद्य अधिकारी श्री जी.पी.राठिया ने किया।





























