नगर निगम के नलों से मटमैला पानी आने से लोग परेशान,व्यवस्था सुधारने की मांग
रायपुर(काकाखबरीलाल)। कोरोना से खौफ खाए नागरिकों को ईदगाहभाठा टंकी से बीती रात से लेकर सुबह तक मटमैला पानी की आपूर्ति की गई। कोरोना में परेशान लोग नगर निगम की जलवाहिनी से गंदा पानी आता देख घबरा गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार ईदगाहभाठा जल टंकी से मुकुट नगर, सुंदर नगर, कॉलेज वार्ड, मंगलबाजार, ईदगाहभाठा, चौबे-समता कॉलोनी, रामकुंड में पानी की आपूर्ति की जाती है। बीती रात से गंदा पानी आने से लोग आश्चर्यचकित हो गए हैं लेकिन यह पानी आज सुबह भी आया। नगर निगम के जल कार्य समिति के मुखिया सतनाम सिंह पनाग ने बताया कि इसकी शिकायत हमें प्राप्त हुई है। इसकी जांच कराई जा रही है। वर्तमान में अनेक स्थानों से पानी लिकेज हो गया है। इसके कारण यह गंदा पानी आ रहा है।
कोरोना संकटकाल में जब लोगों को स्वच्छ तथा गर्म पानी पीने की सलाह दी जा रही है तब ऐसे समय समय में निगम की टंकी से ही मटमैला पानी दिया जा रहा है इससे लोगों में नाराजगी है। स्वामी आत्मानंद, चूड़ामणि वार्ड एवं ठाकुर प्यारेलाल वार्ड के पार्षदों को इसकी शिकायत की गई है। वार्ड पार्षदों ने इसके लिए जोन कमिश्नर तथा संबंधित लोगों को व्यवस्था सुधारने का निर्देश दिया है।






























