मिनटों में नीलाम हो गया महात्मा गांधी का चश्मा, अनुमानित दाम से 20 गुना ज्यादा लगी बोली

नई दिल्ली(काकाखबरीलाल)। ब्रिटेन में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चश्मे की नीलामी पर अनुमानित कीमत से 20 गुना ज्यादा की बोली लगी। बताते चले कि पिछले महीने एक ऑक्शन हाउस के स्टाफ को चश्मे कंपनी के लेटरबॉक्स में लिफाफे में पड़े मिले थे, जिसके बाद शुक्रवार को इनकी नीलामी की गई। बताया गया है कि गांधीजी के यह चश्मे महज 6 मिनट की बोली के बाद ही बिक गए। वह भी अनुमानित बोली से करीब 20 गुना ज्यादा पर।
ईस्ट ब्रिस्टल ऑक्शन्स कंपनी के प्रमुख और नीलामीकर्ता एंड्रयू स्टोव ने चश्मे के लिए 15 हजार पाउंड (करीब 14 लाख रुपए) तक की बोली लगने का अनुमान जताया था। हालांकि, छह मिनट के अंदर ही इस चश्मे की नीलामी हो गई। वह भी 2 लाख 60 हजार ब्रिटिश पाउंड्स (करीब 2.5 करोड़ रुपए) में। एंड्रयू के मुताबिक, यह उनकी कंपनी का नीलामी रिकॉर्ड है। महात्मा गांधी के इन चश्मों को किसने खरीदा, इसका खुलासा नहीं किया गया है। हालांकि, कहा गया है कि एक अमेरिकी कलेक्टर ने फोन के जरिए बोली लगाकर इन्हें अपने नाम कर लिया।



























