छत्तीसगढ़

सरायपाली : खनिज विभाग ने किया ईंट भट्ठा सील…… लेकिन वैकल्पिक मार्ग से जोरो से चल रहा ईंट परिवहन का कार्य

सरायपाली. शहर मुख्यालय से लगभग 3 किलोमीटर दूर ग्राम केंदुढार में स्थित एक ईट भट्ठा मे. लक्ष्मी ब्रिक्स को विगत दिनों अवैध उत्खनन एवं परिवहन का हवाला देते हुए शासन के आदेश अनुसार खनिज विभाग महासमुंद के द्वारा सील किया गया था. सील करने के बावजूद इसके संचालक के द्वारा पीछे की ओर से एक वैकल्पिक मार्ग बनाकर ईटों का परिवहन करना अभी भी लगातार जारी है. ग्रामीणों की शिकायत है कि उक्त वैकल्पिक मार्ग को बनाने के लिए भी कई पेड़ों की बलि दे दी गई है. शासन प्रशासन के नाक के नीचे ही इस प्रकार का अवैध कार्य होने के बावजूद, किसी के द्वारा संज्ञान नहीं लिया जाना, कई तरह के प्रश्न खड़े कर रहा है.

ग्राम केंदुढार में स्थित एक ईंट भट्ठा मे.लक्ष्मी ब्रिक्स को लगातार अवैध उत्खनन, अवैध परिवहन किये जाने एवं छत्तीसगढ़ खनिज विभाग के नियम व शर्तों का उल्लंघन किये जाने का हवाला देते हुए लगभग माह भर पूर्व खनिज अधिनियम की धारा 15 के तहत सील किया गया था. लेकिन सील होने के बावजूद भी संचालक मुरली चंद्र द्वारा पीछे की ओर से चोरी का एक रास्ता बनाया गया जो घास भूमि है. इसमें केंदुढार के ग्रामीणों द्वारा बेशकीमती पेड़ लगाए गए थे, जिसे लक्ष्मी ब्रिक्स के संचालक द्वारा जेसीबी मशीन से काट दिया गया है. लगभग माह भर पूर्व सील होने के बावजूद अभी भी वहां से ईटों का निकलना लगातार जारी है. शहर मुख्यालय से इतना पास होने के बावजूद भी शासन-प्रशासन के अधिकारियों की नजर इस पर न पड़ना, कई तरह के संदेहों को जन्म देता है. वहीं सील होने के बावजूद वहां से चोरी का एक रास्ता बनाकर अपने कार्य को अंजाम देते रहना, संचालक के भी बुलंद हौसलों को दर्शा रहा है.

इस संबंध में ग्रामीण हिमांचल साहू, रूप धर साहू, ओम प्रकाश पटेल आदि ने बताया कि लक्ष्मी ब्रिक्स के संचालक द्वारा करीब सैकड़ों पेड़ों को काट दिया गया है और रास्ता बनाकर ट्रैक्टर के माध्यम से ईंट निकाला जा रहा है. ग्रामीणों ने जिस घास भूमि पर पेड़ लगाए थे, उस पेड़ को बारिश के महीने में काटे जाने का विरोध करते हुए उन्होंने कार्यवाही की मांग भी की है.

इस संबंध में महासमुंद जिला खनिज प्रभारी हीरा भारद्वाज से चर्चा किए जाने पर उन्होंने बताया कि खनिज अधिनियम के शर्तों का पालन नहीं किये जाने के कारण लक्ष्मी ब्रिक्स सील है. इसके बावजूद भी अगर उनके द्वारा अलग रास्ता बनाकर ईटों का परिवहन किया जा रहा है, तो निश्चित ही उन पर कार्यवाही होगी. उन्होंने निरीक्षण के लिए तत्काल जांच टीम भेजे जाने की बात कही है.

AD#1

काका खबरीलाल

हर खबर पर काकाखबरीलाल की पैनी नजर.. जिले के न. 01 न्यूज़ पॉर्टल में विज्ञापन के लिए आज ही संपर्क करें.. kakakhabarilaal@gmail.com

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!