दोस्त को बचाने के लिए युवक ने नाले में लगाई छलांग, हुआ लापता

सरायपाली. छुट्टी का मजा लेने एनीकेट तोरेसिंहा में नहाने के लिए गए 3 दोस्तों में से एक दोस्त अचानक पानी में लापता हो गया. सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार ग्राम छिबर्रा तोरेसिंहा के 3 दोस्त सुरंगी नाला में नहाने के लिए गए थे. वे सभी एनीकट के पास नहा रहे थे. नहाते हुए उनमें से एक फिसलकर नाला में एनीकट से नीचे गिर गया और डूबने लगा, जिसे डूबता देखकर उसका दूसरा दोस्त बचाने के लिए पानी में कूद गया. लेकिन वह भी नहीं निकल पाया पानी में डूबने लगा. दोनों दोस्तों को इस तरह पानी में डूबते देख उनका तीसरा दोस्त अमन प्रधान ने भी नाले में छलांग लगा दी. इस बीच दोस्तों को बचाते हुए वह खुद नाला के भंवर में फंस गया और वहाँ से बाहर नहीं निकल पाया. पहले से पानी में फंसे दोस्त तो स्वयं ही किसी तरह बाहर निकले और उनके द्वारा बाद में कूदे दोस्त की काफी खोजबीन की गई, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला. घटना सुबह 10 बजे की बताई जा रही है. शाम 7 बजे तक उक्त युवक की पतासाजी गोताखोरों द्वारा की जा रही है. ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे पुलिस भी पानी में बहे उक्त युवक की पतासाजी में जुट गई है.























