तुमगांव:शराब के नशे में पत्नी का गला दबाया, मृत समझकर पति ने खुद डायल 112 को किया फोन जानिए मामला

महासमुंद। तुमगांव थाना क्षेत्र के ग्राम अछरीडीह में पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद पति द्वारा अपनी पत्नी का गला दबाकर हत्या करने का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद आरोपी पति ने ही डायल 112 पर फोन कर सूचना दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 21 अगस्त की रात करीब 3:29 बजे डायल 112 वाहन को इवेंट आईडी 704906 के माध्यम से सूचना मिली कि अछरीडीह में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। सूचना पर आरक्षक भुनेश्वर सोनवानी एवं वाहन चालक कुंदन सिंह ध्रुव तत्काल मौके पर पहुंचे। वहां 23 वर्षीय कुमारी उर्फ जागेश्वरी यादव बेहोशी की हालत में पड़ी मिली, जबकि उसका पति रंजित चेलक नशे की हालत में था।
डायल 112 की टीम ने दोनों को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुमगांव रवाना किया। रास्ते में पूछताछ के दौरान रंजित ने बताया कि 21 अगस्त की रात करीब 2 बजे वह और उसकी पत्नी घर में रखी शराब पी रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद से आक्रोशित होकर रंजित ने कथित रूप से पत्नी की हत्या की नीयत से उसका गला दबा दिया और उसे मृत समझकर डायल 112 को फोन कर दिया।
पुलिस ने आरक्षक क्रमांक 925 भुनेश्वर सोनवानी की सूचना पर आरोपी रंजित चेलक के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।



























