बसना:बकाया बिजली बिल पर कनेक्शन काटने गई टीम से युवक ने की गाली-गलौज, धमकी

बसना। बकाया बिजली बिल के चलते कनेक्शन काटने पहुंची विद्युत विभाग की टीम के साथ कथित रूप से गाली-गलौज कर शासकीय कार्य में बाधा डालने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। मामले में बसना पुलिस ने अरुण डड़सेना के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड बसना में पदस्थ कनिष्ठ अभियंता धीरज कुमार देवांगन ने शिकायत दर्ज कराई कि उपभोक्ता पीतराम डड़सेना का करीब 87,241 रुपये बिजली बिल बकाया होने के कारण कनेक्शन ऑनलाइन डिस्कनेक्ट किया गया था। 20 अगस्त को वे अपने स्टाफ के साथ बंसुलाडीपा स्थित उपभोक्ता के परिसर का निरीक्षण करने पहुंचे।
निरीक्षण के दौरान बिजली मीटर की बॉडी सील और टर्मिनल सील कटी हुई मिली तथा इनकमिंग केबल से सीधे हुक लगाकर बिजली का उपयोग किए जाने की बात सामने आई। विभागीय टीम द्वारा बिजली कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जा रही थी, इसी दौरान पीतराम डड़सेना का छोटा पुत्र अरुण डड़सेना उर्फ मोनू डड़सेना मौके पर पहुंचा और कथित रूप से अश्लील गाली-गलौज करते हुए शासकीय कार्य में बाधा डाली। शिकायत के मुताबिक उसने कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी देते हुए मारने के लिए दौड़ाया।
घटना के बाद विद्युत विभाग के कर्मचारी बसना थाना पहुंचे और सुरक्षा की दृष्टि से कार्रवाई की मांग करते हुए लिखित शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर बीएनएस की धारा 221, 296 और 351(2) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।






























