बसना:ग्राम सभा में आवेदन फाड़ने का आरोप, दो भाइयों पर मारपीट व धमकी का मामला

भंवरपुर। ग्राम बरेकेल में आयोजित ग्राम सभा के दौरान श्मशान भूमि से अवैध कब्जा हटाने संबंधी आवेदन देने पहुंचे युवक के साथ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में महेन्द्र शेष और विनोद शेष के खिलाफ धारा 296, 115(2), 351(2), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम बरेकेल निवासी जयप्रकाश बघेल (34) 20 अगस्त को दोपहर करीब 1 बजे ग्राम सभा में श्मशान भूमि से अवैध कब्जा हटाने संबंधी आवेदन लेकर पहुंचा था। ग्राम सचिव द्वारा आवेदन पढ़कर सुनाए जाने के दौरान महेन्द्र शेष और विनोद शेष ने कथित तौर पर आवेदन छीनकर फाड़ दिया। इसके बाद दोनों ने जयप्रकाश के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और उसके गले को दबाकर जान से मारने का प्रयास करने का आरोप है।
घटना के दौरान मौजूद सहदेव पारेश्वर, सुनील चौधरी, सरपंच पति भीष्मनारायण चौहान और पंच राजू ने बीच-बचाव किया। पीड़ित ने मारपीट के कारण चेहरे और गले में चोट लगने की बात पुलिस को बताई है। बीच-बचाव के बाद आरोपियों द्वारा जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। भंवरपुर चौकी से नंबरी नालसी थाना बसना भेजे जाने के बाद पुलिस ने अपराध कायम कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।





























