कोमाखान:समझाने पर पिता पर बरसा डंडा जानिए मामला

कोमाखान | महासमुंद जिले के कोमाखान थाना क्षेत्र के ग्राम सिमगांव में घरेलू विवाद के दौरान एक बेटे द्वारा अपने ही पिता के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम सिमगांव निवासी 57 वर्षीय बेनीराम चक्रधारी ने शिकायत दर्ज कराई है कि उनका छोटा बेटा विजय चक्रधारी 13 जुलाई 2026 की शाम अपनी पत्नी को ससुराल से लाने गया था, लेकिन पत्नी के आने से इनकार करने पर वह रात करीब 7 बजे शराब के नशे में घर लौटा। घर पहुंचने के बाद वह अपनी पत्नी को गाली-गलौज कर रहा था।
जब पिता बेनीराम चक्रधारी ने उसे समझाने का प्रयास किया तो विजय ने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए डंडे से हमला कर दिया। इस मारपीट में बेनीराम के दोनों हाथों की कलाई और सिर में चोट आई। आरोप है कि आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के दौरान गांव के जगेश्वर धोबी और मुकेश चक्रधारी ने बीच-बचाव किया।
कोमाखान थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2) एवं 351(2) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।































