महासमुंद:बाइक टकराने के विवाद में युवक से मारपीट, जान से मारने की धमकी देने का आरोप

महासमुंद। ग्राम बेलसोण्डा में बाइक टकराने की मामूली घटना के बाद विवाद बढ़ गया। पीड़ित किसान ने आरोप लगाया है कि घटना के दौरान उसके साथ मारपीट की गई तथा जान से मारने की धमकी दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 12 जुलाई 2026 की शाम करीब 6 बजे पीड़ित गेहूं पिसवाने के लिए आटा चक्की गया था। गेहूं छोड़कर घर लौटते समय गांव के ही गौरव जांगड़े मोटरसाइकिल लेकर पहुंचे। आरोप है कि मोटरसाइकिल पीड़ित की ओर आने से दोनों गिर पड़े। इसके बाद गौरव जांगड़े ने कथित रूप से पीड़ित के साथ गाली-गलौज की और पीठ पर मुक्का मार दिया, जिससे उसे चोट आई।
पीड़ित का कहना है कि वह अपने घर चला गया, लेकिन आरोपी उसके घर के सामने पहुंचकर फिर से गाली-गलौज करने लगा। बाद में आरोपी के पिता संतराम जांगड़े उसे वहां से ले गए। आरोप है कि जाते समय गौरव जांगड़े ने जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़ित ने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।































