बागबाहरा: जमीन विवाद में छोटे भाई पर डंडे से हमला करने का आरोप, सिर फूटा

बागबाहरा। थाना बागबाहरा क्षेत्र के ग्राम सेनभाठा में घरेलू जमीन विवाद को लेकर बड़े भाई पर डंडे से हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आवेदन लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम सेनभाठा निवासी निर्मल कुमार चक्रधारी (45) ने थाना बागबाहरा में दर्ज शिकायत में बताया कि 9 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 3 बजे वह अपने खेत में पानी चालू करने गया था। इसी दौरान उसका छोटा भाई टोपलाल चक्रधारी वहां पहुंचा और कथित रूप से अश्लील गाली-गलौज करते हुए डंडे से उसके सिर पर हमला कर दिया। हमले में उसके सिर पर चोट लगी और खून निकलने लगा।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से जमीन और ईंट के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा है। इसी रंजिश के चलते घटना को अंजाम दिया गया। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के एक दिन पहले 8 जुलाई को आरोपी ने फोन पर उसे और उसके बेटे को गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी थी।
पीड़ित ने थाना बागबाहरा में लिखित आवेदन देकर आरोपी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि एवं आगे की कार्रवाई जांच के बाद की जाएगी।
































