महासुमंद

महासमुंद:पति ने चरित्र शंका में पत्नी से की मारपीट, बीच-बचाव करने आए साले पर चाकू से जानलेवा हमला

महासमुंद। जिले के पटेवा थाना क्षेत्र से जुड़े बिरकोनी में चरित्र शंका को लेकर हुए पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पत्नी से मारपीट के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे उसके भाई पर आरोपी पति ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक का रायपुर के निजी अस्पताल में उपचार जारी है।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, ग्राम नवागांव थाना पटेवा निवासी महिला अपने पति करन मन्नाडे के साथ पिछले एक माह से बिरकोनी में किराये के मकान में रह रही थी। महिला ने आरोप लगाया कि उसका पति पेट्रोल पंप में कार्य करता है और आए दिन शराब के नशे में उसके चरित्र पर संदेह कर गाली-गलौज एवं मारपीट करता था।
पीड़िता के अनुसार, 6 जुलाई की रात करीब 8 बजे आरोपी पति घर पहुंचा और फिर से चरित्र पर संदेह करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद महिला ने अपने भाई शिवकुमार कोठरिया को फोन कर घटना की जानकारी दी। देर रात करीब 10 बजे भाई शिवकुमार और जीजा अश्वनी कुमार कोसले मौके पर पहुंचे।
आरोप है कि दोनों को देखते ही करन मन्नाडे गुस्से में आ गया और अपने पास रखे चाकू से शिवकुमार पर हत्या की नीयत से हमला कर दिया। हमले में शिवकुमार के पेट और दाहिने हाथ में गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव करने के दौरान महिला के दाहिने हाथ की कलाई के नीचे भी चोट लगी।
घटना की सूचना डायल-112 को दी गई, जिसके बाद पुलिस की सहायता से घायलों को जिला अस्पताल महासमुंद ले जाया गया। शिवकुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे पहले रायपुर के डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल रेफर किया गया। बाद में उपचार के लिए श्री वेंकटेश अस्पताल, रायपुर में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
उपचार के बाद 8 जुलाई को महिला ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

AD#1

काका खबरीलाल

हर खबर पर काकाखबरीलाल की पैनी नजर.. जिले के न. 01 न्यूज़ पॉर्टल में विज्ञापन के लिए आज ही संपर्क करें.. kakakhabarilaal@gmail.com

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!