सरायपाली:आवेदन पर त्वरित कार्रवाई, बंद हैंडपंप हुआ चालू, 120 मीटर गहरा नलकूप खनन

सरायपाली। सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत प्राप्त जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण की दिशा में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए विकासखंड सरायपाली के ग्राम किसड़ी और कुर्मीपाली में पेयजल संबंधी समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया है।
ग्राम किसड़ी निवासी यशपाल पटेल ने उप स्वास्थ्य केन्द्र में बंद पड़े हैंडपंप की मरम्मत के लिए आवेदन प्रस्तुत किया था। आवेदन प्राप्त होते ही लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने मामले को प्राथमिकता देते हुए तकनीकी दल को मौके पर भेजा। निरीक्षण के बाद आवश्यक मरम्मत कार्य पूरा कर 30 मई 2026 को हैंडपंप को पुनः चालू कर दिया गया। इसके बाद उप स्वास्थ्य केन्द्र में मरीजों, स्वास्थ्य कर्मियों तथा ग्रामीणों को फिर से स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिलने लगी है। विभाग ने समस्या के निराकरण की जानकारी आवेदक को भी उपलब्ध कराई।
इसी प्रकार ग्राम कुर्मीपाली के बाजारपारा निवासी उपेन्द्र बारिया ने क्षेत्र में बोर खनन कराने के लिए आवेदन दिया था। विभाग ने आवेदन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थल का तकनीकी परीक्षण कराया और 2 जून 2026 को रिंग मशीन की सहायता से 120 मीटर गहराई तक नलकूप खनन का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कराया।
नलकूप निर्माण पूर्ण होने से बाजारपारा के ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि इससे क्षेत्र की पेयजल समस्या का स्थायी समाधान होगा। दोनों मामलों में समयबद्ध कार्रवाई के लिए ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।

































