सरायपाली:विषय शिक्षकों की कमी पर फूटा पालकों का आक्रोश, प्रशासन से की त्वरित कार्रवाई की मांग

सरायपाली। विकासखंड सरायपाली के ग्राम जम्हारी स्थित शासकीय विद्यालय में विषय शिक्षकों की कमी को लेकर पालकों और शाला विकास समिति ने जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) तथा कलेक्टर को आवेदन सौंपकर शीघ्र शिक्षकों की नियुक्ति की मांग की है।
आवेदन में बताया गया है कि विद्यालय में आवश्यक विषय शिक्षकों के अभाव के कारण विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई प्रभावित हो रही है। खासकर उच्च कक्षाओं के विद्यार्थियों को संबंधित विषयों की पढ़ाई में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता और परीक्षा परिणाम प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है।
पालकों और शाला विकास समिति ने प्रशासन से मांग की है कि विद्यार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए रिक्त पदों पर जल्द से जल्द विषय शिक्षकों की पदस्थापना की जाए, ताकि अध्ययन-अध्यापन की व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सके।
अब सभी की निगाहें जिला प्रशासन पर टिकी हैं कि इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं और विद्यार्थियों को कब तक विषय शिक्षकों की सुविधा उपलब्ध हो पाती है।

































