खल्लारी

खल्लारी:तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से घायल व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत

महासमुंद। जिले के खल्लारी थाना क्षेत्र अंतर्गत हुई सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए एक व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो जाने के बाद पुलिस ने आरोपी बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक सतनाम सिंह चांवला (50 वर्ष), निवासी पंजाबी पारा, महासमुंद, 21 मार्च 2026 को अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 06 जीएफ 9401 से महासमुंद से खल्लारी की ओर जा रहे थे। रात्रि लगभग 7.45 बजे ग्राम पचेड़ा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 353 पर पीछे से आ रही मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 04 केडी 8435 के चालक ने तेज गति एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी।
दुर्घटना में सतनाम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल एम्बुलेंस की सहायता से महासमुंद स्थित अकाल पुरख अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर के नारायणा एमएमआई अस्पताल रेफर किया गया। अस्पताल में लगभग एक माह तक उपचार चलने के बाद 18 अप्रैल 2026 की तड़के 1.15 बजे उनकी मृत्यु हो गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चिकित्सकों ने मृत्यु का कारण सिर में गंभीर चोट (हेड इंजरी) बताया है। मामले की मर्ग जांच के दौरान प्रत्यक्षदर्शियों एवं अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए गए, जिसमें दुर्घटना के लिए मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 04 केडी 8435 के चालक की लापरवाही सामने आई।
खल्लारी पुलिस ने जांच उपरांत आरोपी चालक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना प्रारंभ कर दी है।

AD#1

काका खबरीलाल

हर खबर पर काकाखबरीलाल की पैनी नजर.. जिले के न. 01 न्यूज़ पॉर्टल में विज्ञापन के लिए आज ही संपर्क करें.. kakakhabarilaal@gmail.com

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!