सरायपाली:घर के सामने खड़ी महिला पर डंडे और मुक्कों से हमला, तीन पर आरोप

सरायपाली। महासमुंद जिले के सरायपाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरिहापाली में घर-बाड़ी की जमीन को लेकर हुए विवाद में एक महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता ने थाना सरायपाली में शिकायत दर्ज कराते हुए गांव के तीन लोगों पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बरिहापाली निवासी महिला ने पुलिस को बताया कि वह 3 जुलाई 2026 की शाम करीब 7 बजे अपने घर के सामने खड़ी थी। इसी दौरान गांव के तुषार वैष्णव, उसकी मां भानुमति वैष्णव और बहन संजना वैष्णव वहां पहुंचे और घर-बाड़ी की जमीन संबंधी विवाद को लेकर कथित रूप से गाली-गलौज करने लगे।
महिला का आरोप है कि विवाद के दौरान तुषार वैष्णव ने हाथ-मुक्के से मारपीट की, जबकि भानुमति वैष्णव ने डंडे से उसके सिर पर वार किया। वहीं, संजना वैष्णव ने भी डंडे से उसके कंधे पर प्रहार किया, जिससे उसे सिर और कंधे में चोटें आईं। घटना के दौरान पीड़िता के पति गुरुवारू चौहान और पुत्र अरुण चौहान ने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव किया।
पीड़िता ने बताया कि घटना को गांव के वसीम खान और कौशल यादव ने देखा और सुना है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
































