महासमुंद:हाथ में चाकू लेकर घूम रहे युवक को पुलिस ने दबोचा

महासमुंद। शहर के ईमलीभाठा क्षेत्र में हाथ में धारदार चाकू लेकर आम लोगों को आतंकित करने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चाकू बरामद किया है। आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना महासमुंद में पदस्थ प्रशिक्षु उप निरीक्षक विष्णुदेव डनसेना 3 जुलाई 2026 को शासकीय वाहन क्रमांक सीजी 03-9685 से हमराह स्टाफ के साथ नगर भ्रमण एवं टाउन पेट्रोलिंग पर निकले हुए थे। इसी दौरान एकता चौक के पास मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि वार्ड क्रमांक 02 ईमलीभाठा में एक युवक हाथ में चाकू लेकर आम जनता को भयभीत कर रहा है।
सूचना पर पुलिस टीम ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए स्वतंत्र गवाहों को साथ लेकर मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम भारत साहू (19 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 02 ईमलीभाठा, महासमुंद बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक धारदार लोहे का चाकू बरामद किया गया, जिसकी कुल लंबाई 34 सेंटीमीटर, फल की चौड़ाई 6 सेंटीमीटर तथा मूठ की लंबाई 12 सेंटीमीटर पाई गई। बरामद चाकू की अनुमानित कीमत लगभग एक हजार रुपये बताई गई है। आरोपी से चाकू रखने संबंधी वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने मौके पर ही चाकू को जप्त कर सीलबंद किया तथा आरोपी भारत साहू को आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध किया। गिरफ्तारी की सूचना आरोपी के परिजनों को भी दे दी गई है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
































