महासमुंद:दवा की जानकारी नहीं देने पर मेडिकल स्टोर कर्मचारी से मारपीट जानिए मामला

महासमुंद। शहर के इमलीभाठा वार्ड क्रमांक 10 स्थित एक मेडिकल स्टोर में कार्यरत कर्मचारी के साथ मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने घटना की शिकायत थाना पहुंचकर दर्ज कराई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इमलीभाठा वार्ड क्रमांक 10 निवासी एक युवक, जो एसबीआई बैंक के सामने स्थित लक्ष्मी मेडिकल हॉल में कार्यरत है, ने पुलिस को बताया कि 1 जुलाई 2026 की रात लगभग 10:30 बजे वह मेडिकल स्टोर में कार्य कर रहा था। इसी दौरान दीपांश चंद्राकर नामक व्यक्ति दवा लेने के लिए दुकान पर पहुंचा और दवा की पर्ची दिखाते हुए उसमें लिखी दवाओं के उपयोग के बारे में जानकारी मांगी।
पीड़ित के अनुसार, जब उसने दवा के संबंध में पूरी जानकारी नहीं होने की बात कहते हुए डॉक्टर से परामर्श लेने की सलाह दी, तो आरोपी भड़क गया और गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि समझाने के बावजूद आरोपी नहीं माना और दुकान के अंदर घुसकर अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की, जिससे पीड़ित के दाहिने आंख के ऊपरी हिस्से में चोट आई।
घटना के दौरान मौजूद पीड़ित के सहकर्मी जितेंद्र साहू और तुषार चंद्राकर ने भी घटना को देखा और सुना। पीड़ित ने 2 जुलाई 2026 को थाना पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
































