बसना:तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से पैदल यात्री की मौत जानिए मामला

बसना। बसना थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में पैदल जा रहे व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ओडिशा के बरगढ़ जिले के गायसेलेट थाना अंतर्गत ग्राम कलंगापाली निवासी गणेश पुटेल (55 वर्ष), पिता नरहरि पुटेल, काम की तलाश में बसना आए हुए थे।
बताया गया कि 1 जुलाई 2026 की रात लगभग 9 बजे गणेश पुटेल बस स्टैंड बसना से मुख्य मार्ग की ओर पैदल जा रहे थे। इसी दौरान ट्रक क्रमांक सीजी 06 जीजे 5371 के चालक ने वाहन को तेज गति एवं लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में गणेश पुटेल को कमर के नीचे गंभीर चोटें आईं और उनकी कमर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना के बाद घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसना ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से प्राप्त मेमो के आधार पर थाना बसना में मर्ग कायम कर शव का पंचनामा तैयार किया गया।
पुलिस ने जांच के दौरान गवाहों एवं परिजनों के बयान दर्ज किए हैं। जांच में ट्रक चालक की लापरवाही सामने आने पर उसके विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

































