सरायपाली:बिजातीपाली प्राथमिक शाला में 50वें नेवता भोज ने रचा नया आयाम, बच्चों में दिखा उत्साह

सरायपाली। प्रधानमंत्री पोषण योजना के अंतर्गत शासन के निर्देशानुसार तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारी टी.सी. पटेल, बीआरसीसी देवानंद नायक एवं संकुल समन्वयक घनश्याम दास के मार्गदर्शन में शासकीय प्राथमिक शाला बिजातीपाली में शाला प्रवेश उत्सव के अवसर पर 50वें नेवता भोज कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ग्राम के उपसरपंच संतराम पटेल एवं विजय शंकर पटेल द्वारा बच्चों के लिए विशेष नेवता भोज का आयोजन कराया गया।
विद्यालय में प्रत्येक पंद्रह दिनों में नेवता भोज कार्यक्रम आयोजित किया जाता है और यह इसका 50वां आयोजन था। बताया गया कि विकासखंड सरायपाली में सर्वाधिक नेवता भोज कार्यक्रम आयोजित करने वाला विद्यालय शासकीय प्राथमिक शाला बिजातीपाली है। इस उपलब्धि में ग्रामवासियों, शाला प्रबंधन समिति, पालकों तथा स्थानीय समुदाय का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। साथ ही प्रधान पाठक प्रेमशीला पटेल एवं सहायक शिक्षक निर्मल कुमार मेहेर का विशेष सहयोग भी सराहनीय रहा है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों ने विद्यालय के सभी बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत किया तथा उन्हें कॉपी एवं पेन वितरित किए। अतिथियों ने बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित करते हुए उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया। इसके पश्चात सभी अतिथियों ने बच्चों के साथ बैठकर नेवता भोज ग्रहण किया। बच्चों ने भी बड़े उत्साह और खुशी के साथ भोज का आनंद लिया तथा आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
विद्यालय की प्रधान पाठक प्रेमशीला पटेल ने कहा कि नेवता भोज कार्यक्रम विद्यालय और समुदाय के बीच आपसी सहयोग, भावनात्मक जुड़ाव एवं सामाजिक संबंधों को मजबूत बनाने का एक प्रभावी माध्यम है। इस प्रकार के आयोजन से बच्चों में अपनत्व की भावना विकसित होती है और समाज तथा विद्यालय के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होता है।
कार्यक्रम में ग्राम के सरपंच प्रतिनिधि नरेश पटेल, उपसरपंच संतराम पटेल, जनपद सदस्य तेजराम पटेल (केंदुवां), विजय शंकर पटेल, कोमल नायक, कौशल प्रसाद पटेल, राजेश पटेल, नमिता सिदार, सचिव बिजातीपाली, ममता सचिव मोहनमुंडा, लबों नायक, गोकुल नायक, सुरेश पंच, संकुल समन्वयक घनश्याम दास, शिक्षक राजेश पटेल, प्रधान पाठक प्रेमशीला पटेल, सहायक शिक्षक निर्मल कुमार मेहेर तथा रसोइया सुहावन बाई एवं कमला बाई सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।































